May 21, 2026
0000000101010100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मार्च 2023। त्यौंहारों के सीजन को देखते हुए क्षेत्र के कई गांवों में कई संगठनों द्वारा विभिन्न मेलों, जूलूस, यात्राओं, जागरण आदि का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। लेकिन इन आयोजनों की तैयारी में जुटे लोगों के लिए श्रीडूंगरगढ़ के प्रशासनिक गलियारों से विशेष खबर निकल कर सामने आ रही है। श्रीडूंगरगढ़ प्रशासन ने किसी भी प्रकार के आयोजन से पहले प्रशासनिक अनुमति लेने के लिए सभी आयोजकों को पाबंद किया है। इसके लिए क्षेत्र के सभी गिरदावरों, पटवारियों को तैनात किया गया है कि वे अपने अपने क्षेत्र में होने वाले आयोजनों के आयोजकों को प्रशासनिक अनुमति लेने के लिए पाबंद करें। गणगौर के मेले व अन्य किसी भी प्रकार के आयोजन के लिए आयोजकों को पहले उपखण्ड अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। विदित रहे कि क्षेत्र में गणगौर के मौके पर दो दिवसीय मेला एवं जूलूस, भारतीय नववर्ष के मौके पर रात्री जागरण एवं कई गांवों में धर्मयात्राएं, रामनवमी के मौके पर धर्मयात्रा आदि प्रस्तावित है। इन सभी आयोजनों के लिए आयोजकों द्वारा अपने अपने स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही है। अब आयोजकों को अन्य तैयारियों के साथ साथ प्रशासनिक अनुमति की कवायद और करनी अनिवार्य हो गई है।