






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 मई 2026। सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों व अस्पतालों के पास तेज आवाज में डेक बजाना दंडनीय अपराध है। वहीं विशेषज्ञ बताते है, कि बढ़े हुए तापमान में तेज आवाजें व्यक्ति के मानसिक तनाव बढ़ाने का काम करती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन भी सख्त है और लगातार बेवजह ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ कार्रवाइयां की जा रही है।
एएसआई भगवानाराम ने शनिवार सुबह सवा ग्यारह बजे स्कूल समय में आदर्श विद्या मंदिर के पास तेज आवाज में डेक पर गाने बजाकर स्कूली विद्यार्थियों के शिक्षण कार्य में खलल पैदा करने पर जेतासर निवासी ओमदास को पकड़ कर थाने पहुंचाया। पुलिस ने डेक और स्पीकर जब्त कर लिए और आरएनसी अधिनियम में मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजकुमार को दी है।
वहीं एक सरकारी कार्यालय के पास तेज आवाज में बोलेरो पिकअप गाड़ी में डेक स्पीकर बजाने पर एएसआई राजकुमार ने एक आरोपी दुंकर निवासी रामस्वरूप को पकड़ा और डेक व स्पीकर जब्त कर मामला दर्ज कर लिया। जिसकी जांच एएसआई गजेंद्रसिंह करेंगे। हैड कांस्टेबल बलवीरसिंह ने पशु चिकित्सालय के सामने अपनी टैक्सी में तेज आवाज में गाने बजाकर बेवजह ध्वनि प्रदूषण करने पर जैतासर निवासी श्रवणदास को पकड़ा और डेक व स्पीकर जब्त कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच हैड कांस्टेबल छाजुराम को दी है।



