May 21, 2026
000000000

राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति द्वारा आयोजित होगी गोष्ठी, पुरस्कृत होंगे साहित्यकार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ में आज हिंदी दिवस पर विशेष आयोजन राष्ट्रभाषा हिंदी प्रचार समिति और जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में संस्कृति भवन में आयोजित होगा। कार्यक्रम में‘वैश्विक भाषायी परिदृश्य और हिन्दी’विषय पर होगी संगोष्ठी का आयोजन होगा तथा प्रबुद्ध साहित्यकारों को पुरस्कृत किया जाएगा। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि डॉ. सूरज सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत होंगे। समारोह संयोजक साहित्यकार सत्यदीप ने बताया कि रतननगर के वासी और हैदराबाद प्रवासी संस्कृतिकर्मी व समाजसेवी बसंत हीरावत विशिष्ट अतिथि और प्रख्यात शिक्षाविद समालोचक डॉ. बृजरतन जोशी विषय प्रवर्तक के रूप में समारोह में शामिल होंगे। संस्था के मंत्री रवि पुरोहित ने बताया कि सामाजिक सरोकारों को समर्पित सृजन सेवा पुरस्कार दिए जाएंगे जिनमें साहित्यकार प्रफुल्ल प्रभाकर को श्रीमलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान, जयपुर के प्रबोध कुमार गोविल को डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी साहित्य सृजन पुरस्कार, दिल्ली की साहित्यकार रिंकल शर्मा को श्रीशिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार, सुमन बाजपेयी दिल्ली को श्रीश्याम सुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार, लखनऊ के प्रख्यात जर्नलिस्ट प्रभु झिंगरन को, गोविंद वल्लभ पंत पुरस्कार से समादृत सुरेश ओझा द्वारा प्रणीत श्रीसुरेश कंचन ओझा पुरस्कार और बीकानेर के डॉ. नरेश गोयल को श्रीरामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान दिये जायेंगे।

कोटासर में पंच दिवसीय मेला प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटासर गांव में भोमियाजी महाराज के पंच दिवसीय मेला शुक्रवार को अखंड ज्योत के साथ प्रारंभ हुआ। दादोसा रो लाडलो संघ के आगमन के साथ ही मेला प्रारंभ हुआ। पुजारी हरदास स्वामी ने ज्योत आरती कर विशेष पूजन करवाया। मुख्य यजमान के रूप में श्रीडूंगरगढ़ निवासी व कालीकट प्रवासी चैनरूप छाजेड़ ने परिवार सहित पूजन संपन्न करवाया। छाजेड़ परिवार द्वारा सवामणी के साथ भंडारे की सेवा दी गई। छाजेड़ द्वारा मंदिर का मुख्य द्वार बनाने का संकल्प लिया गया। वहीं पूर्व संध्या पर विमल कुमार छाजेड़ द्वारा जागरण लगवाया गया। जागरण में कलाकार राजू राणा एंड पार्टी करणू, जोधपुर के द्वारा भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए व घी खोपरा की आहुतियां दी। मेला परिसर में भोमिया जी महाराज के जयकारे गूंजे। मेले में अखंड ज्योत के साथ दुलचासर से दादोसा रो लाडलो संघ के पैदल यात्री डीजे की धुन पर नाचते गाते पहुंचे। गांव दुलचासर, सूडसर, देराजसर, सांवतसर, दुसारना पीपासरिया सहित आस पास के गांवों से बडी़ संख्या में भक्तगण दर्शन करने पहुंचे। भोमिया जी दादोसा सेवा समिति कोटासर के द्वारा संघ यात्रियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। समिति ने छाजेड़ परिवार के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए दुपट्टा पहना कर सम्मान किया। समिति सदस्यों व अनेक ग्रामीणों ने अपनी सेवाएं दी।