






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जून 2025। गुरूवार को गंगा दशहरे व विश्व पर्यावरण दिवस पर कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा वृक्ष पूजन व जल स्त्रोत पूजन के साथ कृषि उपज मंडी के मंदिर प्रांगण से निकलकर वन विभाग की नर्सरी पहुंच कर पूर्ण होगी। इसी के साथ क्षेत्र में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का आगाज होगा। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने ये जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून से 20 जून तक अंचल में पौधारोपण कार्यक्रम, नर्सरियों का विशेष स्वच्छात कार्यक्रम, हरियाळो राजस्थान हेतु पूर्व तैयारी जैसे गड्ढे खोदना, प्लास्टिक का उपयोग कम करने पर शपथ कार्यक्रम, सभी निजी एवं सरकारी कार्यालयों में पौधारोपण एवं जन-जन को वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के संबंध में जागरूक कर संकल्प दिलाने हेतु अनेक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। ये निर्देश मित्तल ने राज्य सरकार के पर्यावरण संरक्षण एवं वर्षा जल संरक्षण तथा स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम क्रियान्वित के लिए जारी किए है। बुधवार को उपखण्ड कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियेां को मित्तल ने इस जन जागरण को जन जन से जोड़ने की बात कही। गुरूवार को आयोजित कार्यक्रम में नर्सरी के पौधों का अवलोकन कर, तुलसी के पौधों का वितरण, पीपल पूजन व जल स्रोत पर दीप प्रज्वलन के आयोजन होंगे। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधिगण व आमजन शामिल होंगे। बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को अपने कार्यालय परिसर में लक्षित पौधारोपण हेतु आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए गए।




