






1- रेलवे कर रहा लाईन दोहरीकरण, किसानों के मार्ग अवरूद्ध, दिया एसडीएम को ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मार्च 2026। रेलवे द्वारा दिल्ली से बीकानेर रेल मार्ग का दोहरीकरण किया जा रहा है एवं दिल्ली से रतनगढ़ तक तो यह कार्य पूर्ण हो चुका है एवं अब क्षेत्र में यह कार्य किया जाएगा। इसके लिए रेलवे द्वारा किसानों के प्रचलित रास्ते रोके जा रहे है एवं भूमि अपने कब्जे में ली जा रही है। ऐसे में परेशान किसानों ने प्रशासन के पास पहुंच कर अपनी गुहार लगाई है। सोमवार को गांव बेनीसर के किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उपखण्ड अधिकारी से मुलाकात कीएवं अपनी समस्याओं के बारे में बताया। ग्रामीणों ने ज्ञापन देते हुए बताया कि पूर्व में सिंगल पटरी होने के दौरान बेनीसर से पुंदलसर कटाण मार्ग पर डी क्लास रेलवे क्रासिंग था एवं इस क्रासिंग से बेनीसर से पूर्व एवं दक्षिण के दो मार्ग निकलते थे। लेकिन इसे रेलवे ने बंद कर दिया तो किसान भोजास अंडरब्रिज होकर रेल पटरियों के पास पास अपने खेतों को आने जाने के लिए प्रचलित रास्ता बना लिया। लेकिन अब डबल लाईन बनाने के के लिए रेलवे ने यह प्रचलित रास्ते बंद कर दिए है एवं तीन दिनों से किसान अपने खेतों से आना जाना नहीं कर पा रहे। प्रतिनिधमंडल में ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि बीरबल गोदारा, जिज्ञासु सिद्ध, सागर मेघवाल, ओमप्रकाश डोगीवाल, रामचंद्र गोदारा, ईश्वरराम मेघवाल, श्यामलाल पोटलिया, रेवंतनाथ सिद्ध, भंवरलाल जाखड़, उदाराम गोदारा, नानुराम मेघवाल, लूणाराम गोदारा, रामनारायण गोदारा, नारायण गोदारा, शेराराम गोदारा, रमेश सिद्ध, तोलाराम सिंवर, गोपाल सिंवर आदि शामिल रहे एवं किसानों को खेतो से गांव आने जाने के लिए रास्ता दिलवाने की मांग की।

2- एनएसएस शिविर के तीसरे दिन हुई कई गतिविधियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मार्च 2026। पीएमश्री राउमावि ताल मैदान में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन सोमवार को कई गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम प्रभारी एवं उपप्राचार्य मदन कडवासरा ने बताया कि सोमवार को वार्ता सत्र में साइबर एक्सपर्ट तोलाराम ने डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराधों के बारे में जानकारियां दी। द्वितीय सत्र में स्वंयसेवकों ने विद्यालय परिसर में श्रमदान किया एवं दोपहर बाद अलग अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। 
3- युवा पहुंचे दिल्ली, की केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मार्च 2026। क्षेत्र के युवा सोमवार को नई दिल्ली पहुंचें एवं केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने सांसद को गुलदस्ता भेंट किया एवं श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर बनवाने, यातायात व्यवस्थाएं सुधारने, नशे पर रोक लगवाने की मांग की। युवाओं के दल में आनंद जोशी, नितिन जोशी, रमाकांत झंवर आदि शामिल रहे।




