






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2023। मंगलवार को दो सगे भाईयों द्वारा एक साथ फांसी लगाकर जान दे देने की बुरी खबर से संवेदनशील नागरिकों को सदमा सा लगा वहीं बुधवार को एक ओर बुरी खबर दो दोस्तों की एक साथ हुई मौत की आ रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव इंदपालसर राईकान के निवासी 21 वर्षीय राजू पुत्र मालाराम सांसी एवं उसका भानजा 21 वर्षीय पूनम पुत्र मांगीलाल सांसी नहर के किनारे पेड़ काटने के ठेके में मजदूरी के लिए पुगल क्षेत्र में गए हुए थे। मंगलवार दोपहर पुगल थानाक्षेत्र के गांव हैड 750 RD के पास कार्य करते हुए दोनों नहर में नहाने के लिए उतर गए। नहर में एक जना डूबने लगा तो उसे बचाने के प्रयास दुसरे ने किए और इन प्रयासों में दोनों की मौत नहर में डूब जाने से हो गई। यहां एक अन्य मजदूर भी नहाने उतरा था लेकिन वह बच गया व उसने चिल्ला कर मदद की पुकार की। परंतु पुलिस व अन्य ग्रामीण वहां पहुंचते तब तक दोनों युवक डूब चुके थे। पुलिस ने नहर में दोनों युवकों के शवों की तलाश मंगलवार को प्रारंभ की और कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार को दोनों के शव मिले। पुगल थानाधिकारी विकास विश्नोई ने बताया कि दोनो युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार मृतक राजू गांव के मालाराम सांसी का छोटा बेटा था एवं उसकी सबसे बड़ी बहिन का बेटा भी अधिकाशंतया अपने नहीहाल गांव इंदपालसर राईकान में ही रहता था। दोनो एक साथ ही मजदुरी के लिए गए थे एवं दोनो युवकों की एक साथ हुई मौत के बाद गांव में माहौल गमगीन हो गया है।



