






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मार्च 2023। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के कालूबास निवासी युवती को दहेज प्रताड़ना को इस कदर झेलना पड़ा कि दहेजलोभियों ने विवाह के बाद दो माह भी घर में नहीं रखा और गर्भावस्था में ही घर से निकाल दिया। इस संबध में पीड़िता भारती ने शोभासर निवासी अपने पति मनोज, ससुर हड़मानाराम एवं सास कैलाशीदेवी के खिलाफ जरिए इस्तगासा दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। भारती ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह गत वर्ष 10 फरवरी 2022 को मनोज कुमार के साथ हुआ था एवं विवाह में पीहर पक्ष की ओर से दहेज में सभी सामान, नगदी, सोने चांदी के गहने सभी कुछ दिया था। लेकिन शादी के तुरंत बाद से ही आरोपी उसे कम दहेज का उलाहना देते हुए तंग परेशान करने लगे। इस पर वह एक बार पीहर आई तो अपने पिता से 50 हजार रुपए भी लेकर भी गई। लेकिन आरोपियों का लालच कम नहीं हुआ एवं एक लाख रुपए व एक मोटरसाईकिल की मांग पर करीब 11 माह पूर्व उसे गर्भावस्था के दौरान धक्के देकर घर से निकाल दिया। इन 11 माह में पंच पंचायती व समझाईश का दौर चला लेकिन आरोपी नहीं माने तो पीड़िता ने पुलिस की शरण ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच एसआई बलवीरसिंह को सौंप दी है।



