May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2022। अभाकिस का दो दिवसीय 21वां जिला सम्मेलन आज श्रीराम भवन में संपन्न हुआ। सम्मेलन में 24 सदस्यीय जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी विधायक गिरधारीलाल महिया को सौंपा गया और लालचंद भादू, मोहन भादू, सत्तूनाथ सिद्ध को उपाध्यक्ष पद दिया गया। मंत्री पद पर जेठाराम लाखूसर, कोषाध्यक्ष गोपाल भादू, संयुक्त मंत्री देवीसिंह भाटी, राजेंद्र जाखड़, रामप्रसाद पटीर को पद दिया गया। सोशल मीडिया प्रभारी छोगाराम तर्ड़ व शेखर रेगर को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया है। वहीं धनाराम गोदारा, काननाथ सिद्ध, लालचंद सारण, मामराज गोदारा अमरगिरी गोस्वामी, चेनाराम गोदारा, ओमप्रकाश मेघवाल, दीपाराम भादू, रिछपाल गोदारा, मांगीलाल गोदारा, सीताराम पूनियां, घेवरराम मेघवाल, भंवरलाल भूंवाल को सदस्य चुना गया।

संघर्ष की राह पर चलने को हो तैयार- महिया

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संघर्ष की राह पर चलने के लिए किसान मजदूर, आम जनता तैयार रहें क्योंकि सरकारों की गलत नीतियों से किसान मजदूर आमजन पर लगातार हमले हो रहें है। इसलिए सरकारों को उनकी भाषा में जवाब देने के लिए संघर्ष को तेज करना होगा। ये बात विधायक गिरधारीलाल महिया ने सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी को आभार भाषण में कही। महिया ने कहा कि गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर किसान सभा की इकाई को मजबूत करते हुए संघर्षों की राह अपनानी होगी।

एमएसपी सहित अनेक प्रस्ताव लिए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सम्मेलन के दूसरे दिन किसानों की अनेक समस्याओं के प्रस्ताव लिए गए और उनपर कार्य करने की रणनीति तय की गई। सम्मेलन में संगठन के सदस्यों ने एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने, जिले का 2019 से बकाया फसल बीमा क्लेम दिलवाने, डिग्गी निर्माण पर सब्सिडी जारी करवाने, एमएसपी पर पूरी फसल खरीद करने, लंपी स्किन डिजीज की मोबाइल टीमें बनाकर रोकथाम करने, डीएपी-यूरिया समय पर उपलब्ध करवाने, नये कृषि कनेक्शन बिजाई से पूर्व जारी करने, एक खसरे में बने ट्यूबवेलों हेतु अलग-अलग ट्रांसफार्मर दिलवाने, राज्य सरकार के आदेशानुसार किसानों का राष्ट्रीयकृत बैंकों का कर्ज माफ करने, नहरों की क्षमता बढ़ाकर वंचित इलाके को सिंचित पानी उपलब्ध करवाने के प्रस्ताव पारित कर आगामी समय में संघर्ष करने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में 75 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अभाकिस के 75 सदस्यों ने दो दिवसीय सम्मेलन में भाग लिया।