






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2022। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में चुनावी रण सज गया है और पर्चें भरने के साथ ही महाविद्यालय में जबरदस्त हंगामा प्रारंभ हो गया है। तीनों छात्र संगठनों के पूरे पैनल ने आज पर्चें भर दिए और पर्चों की जांच का कार्य होने के दौरान जमकर हंगामा हुआ है। कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुला लिया है और यूथ कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना, कांग्रेस के भगवानाराम गोदारा मौके पर पहुंच गए है। यहां थानाधिकारी वेदपाल शिवराण सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सोहनी जाखड़ ने कॉलेज प्रशासन को एक प्रत्याशी के कम दस्तावेज समय के बाद लेने का आरोप लगाते हुए आपत्ति दर्ज करवाई है। एनएसयूआई के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया व इसका विरोध जताया। वहीं एक ओर छात्र संगठन द्वारा आपत्ति दर्ज करवाने की तैयारी किए जाने की सूचना मिल रही है।
विद्यार्थियों की सूची व फोन नम्बर नहीं दिए जाएंगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आभा ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी छात्र संगठनों द्वारा समस्त विद्याथि्रयों की सूचियां नम्बर सहित मांगी जा रही है। ये निजता के अधिकार का हनन है और लिंगदोह रिपोर्ट के अनुसार प्रत्याशियों द्वारा कॉलेज कैम्पस में ही चुनाव प्रचार किया जाना उल्लेखित है। नियमों के अनुसार छात्र प्रत्याशी अपना प्रचार कॉलेज में ही करें और नाम व नम्बर की सूची कॉलेज प्रशासन द्वारा नहीं दी जाएगी।







