






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2022। कोरोना में डीजे संचालकों के घर रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया परंतु महामारी से जैसे तैसे छुटकारा पाया और अब रोजगार के लिए सरकार से संघर्ष कर रहें है। ये बात उपखंड कार्यालय के बाहर धरना देकर बैठे डीजे यूनियन के सदस्यों ने आक्रोश के साथ कही। यूनियन ने प्रशासन होश में आओ के नारे लगाते हुए संघर्ष को तेज करने का ऐलान किया। यूनियन अध्यक्ष हंसराज डेलू ने कहा कि कोरोना के बाद सभी ने अपने अपने रोजगार से कमाई प्रारंभ कर ली है परंतु डीजे संचालकों के घर मुसीबतें खत्म नहीं हुई है और हमारे रोजगार पर कुठाराघात सहन नहीं करेंगे और शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर संघर्ष तेज किया जाएगा। यूनियन के उपाध्यक्ष श्रीराम गोदारा ने कहा कि डीजे संचालकों के परिवार का पालन डीजे से होता है और प्रशासन द्वारा डीजे बजाने की छुट दी जाए अन्यथा यूनियन सड़कों पर आंदोलन करेगी। डीजे संचालकों ने एक स्वर में कहा कि भादवा और आसोज के मेले व धार्मिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डीजे बजाने पर लगाई गई रोक हटाई जाए। इनके समर्थन में धरने पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष पूनमचंद नैण, आरएलपी जिलाध्यक्ष दानाराम घिंटाला, भाजपा के तोलाराम जाखड, आशीष जाड़ीवाल सहित यूनियन के सभी सदस्य पहुंचे। बता देवें डीजे संचालक लगातार डीजे बजाने की अनुमति के लिए ज्ञापन दे रहें है।
विधायक ने जिलाकलेक्टर से नई गाइडलाइन जारी करने की बात कही।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक गिरधारीलाल महिया ने जिलाकलेक्टर से फोन पर बात की व अपने निजी सचिव संदीप दुसाद के हाथ पत्र भेजा। महिया ने पत्र में बीकानेर संभाग के डीजे संचालकों को डीजे संचालन की छूट देने की बात कही है। महिया ने कहा कि डीजे बजाने की रोक लगाने से डीजे धारकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है जिससे उनके सामने परिवार के पालन पोषण का संकट खड़ा हो गया है। जिला कलेक्टर ने महिया को शीघ्र ही समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
डॉ माचरा मिले संभागीय आयुक्त व जिला कलेक्टर से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आरएलपी नेता डॉ विवेक माचरा भी डीजे यूनियन के प्रतिनिधि मंडल के साथ आज संभागीय आयुक्त निरज के पवन से मिले और डीजे संचालकों की समस्या का समाधान करने की मांग की। माचरा मंडल के साथ जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद से भी मिले और डीजे संचालन की अनुमति देने की मांग की। माचरा ने कहा कि अगर डीजे धारकों के साथ उचित न्याय नहीं हुआ तो सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।







