May 21, 2026
0000000101010100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 मार्च 2023। गर्मियों की आहट के साथ पेयजल आपूर्ति संकट से परेशान ग्रामीण विरोध प्रदर्शन करने लगे है। मंगलवार को गांव गोपालसर में ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और नाराज ग्रामीण शिव मंदिर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। विभाग के कर्मचारियों ने पेयजल समस्या के समाधान का आश्वासन दिया तो ग्रामीण टंकी से नीचे उतरे। ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी दी कि एक दिन में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल ओमसिंह ने बताया कि दो सौ घरों की आबादी वाले गोपालसर गांव के पचास घरों में दस दिनों से पानी नहीं आ रहा है। विभाग को बार बार सूचना देने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को विरोध प्रदर्शन का मार्ग अपनाना पड़ा। विभाग के जेईएन प्रीतम सिंह ने बताया कि गोपालसर में पेयजल समस्या को लेकर बिना किसी पूर्व सूचना के ग्रामीण टंकी पर चढ़ गए थे, जिन्हें समझाइश कर टंकी से नीचे उतारा गया। प्राईवेट कर्मचारी को गोपालसर गांव को नियमित पेयजलापूर्ति करने के लिए पाबंद किया गया है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव गोपालसर में पानी की टंकी पर चढ़े ग्रामीण, विभाग ने दिया आश्वासन।