






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 फरवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ में विश्वकर्मा समाज द्वारा सोमवार को विश्वकर्मा जयंती धूमधाम से मनाई गई। भगवान विश्वकर्मा सहित विभिन्न देवी देवताओं की झांकियां सजाकर जुलूस निकाला गया। जुलूस कस्बे के मुख्य बाजार से गुजरते हुए विश्वकर्मा मंदिर में पहुंच कर पूर्ण हुआ। इससे पूर्व सुबह मंदिर प्रांगण में हवन पूजन व महाआरती का आयोजन हुआ। मंदिर प्रांगण में ही सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज कृषि विभाग में नवचयनित कोमल जांगीड़, सीआईएसएफ में चयनित राजेश खाती, नेशनल कबड्डी में चयनित केशुराम जांगिड़ सहित बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाल विद्यार्थियों व खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। मेंहदी, चित्रकला, कैरम व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह में हरखाराम सुथार, रामेश्वरलाल सुथार (ठुकरियासर), रामूराम किन्ज़ा (घाबरिया), बनवारीलाल जांगीड़, मघाराम सुथार, डॉक्टर एसएस नांगल, महेश राजोतिया व बनवारी सुथार मंचासीन रहें। डॉ एसएस नांगल सहित वक्ताओं ने युवाओं को शिक्षा पर ध्यान देने की प्रेरणा दी। समाज समिति के अध्यक्ष परमेश्वर सुथार व मंत्री राजेंद्र जांगिड़ ने सभी का स्वागत किया व आभार जताया। कोषाध्यक्ष बजरंग सुथार ने वर्ष भर का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे सहित विभिन्न गांवो से विश्वकर्मा समाज बंधु समारोह में शामिल हुए व उत्साह के साथ कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
मुंबई में आयोजित महोत्सव में सुथार का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री विश्वकर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट मुंबई द्वारा आयोजित 35वां जयंती वार्षिक महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड राजस्थान के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार शामिल हुए। सुथार का आयोजकों ने भव्य स्वागत सम्मान किया। सुथार ने समाज को एकजुट होकर विकास के पथ पर बढ़ने की बात कही। वहीं नरसी कुलरिया, शंकर कुलरिया व पूनम कुलरिया ने भी सामाजिक एकता का संदेश दिया। समारोह में विश्वकर्मा समाज के अनेक मौजिज लोग शामिल हुए।






