






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 फरवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ के धनेरू गांव की रोही में बीदासर, सांडवा के नजदीक स्थित पिलानियां की ढाणी में शनिवार को मुख्यमंत्री की सभा है। मुख्यमंत्री के स्वागत में दो जिले बीकानेर और चूरू का प्रशासन सहित श्रीडूंगरगढ़, बीदासर, सुजानगढ़ का प्रशासन तैयारियों में जुटा है। श्रीडूंगरगढ़, बीदासर, सुजानगढ़, नोखा, बीकानेर, चूरू के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और नेता अपने मुख्यमंत्री के स्वागत में पलक पावड़े बिछाए उनके यहां उतरने का इंतजार कर रहें है। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की टीम भी मौके पर पहुंची और बेसलाव तालाब के आस पास की आबादी से भी बातचीत की। सभास्थल के पास आबादी 40-50 घरों की है और ग्रामीण सीएम के आने से ज्यादा इस बात से प्रसन्न नजर आए की आज नल में पानी आया है। ग्रामीण और यहां मन्दिर में पुजारी कालूदास ने बताया कि पूरे क्षेत्र पेयजल किल्लत से त्रस्त है व ग्रामीण टैंकरों से आस पास के ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति करते है। वहीं जगदीश ने जानकारी दी कि अपनी योजना के नल में आज पानी आया है। यहां पास ही 2 सरकारी स्कूल भी स्थित है जहां पेयजल किल्लत से विद्यार्थी जूझ रहे है। यहां धनेरू गांव तक जुड़ने के लिए कच्ची सड़क है इसे भी ग्रामीण डामर रोड में बदलने की मांग कर रहें है। अधिकारियों और बड़े बड़े नेताओं के हुजूम को, ट्रैक्टरों की रेलमपेल को, और दनादन हो रहे कार्य को दूर से निहार रहें ग्रामीण पास आने वालों का स्वागत कर रहें है। जब श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की टीम ग्रामीणों के बीच पहुंची तो उन्होंने कहा कि चाय तो पी ल्यो सा पण पाणी को तस्यों मोटो है, हम्म आज सीएम के आगे आगे ही आपणी योजना री टूंटी में पाणी आयो है।



