






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2023। विधानसभा चुनाव में क्षेत्र का राजनीतिक मौसम भी बड़ी तेजी से बदल रहा है। शनिवार को जयपुर पहुंच कर सीएम हाउस में दिखने पर श्रीडूंगरगढ़ के माकपा विधायक गिरधारीलाल महिया ने श्रीडूंगरगढ़ के चुनावी मौसम में अचानक उबाल ला दी। महिया के जयपुर पहुंचने के बाद कई अटकलों को जोरदार हवा मिल गई थी लेकिन इन अटकलों को विराम रविवार सुबह टाइम्स से विशेष बातचीत में महिया ने स्वयं लगाया है। महिया ने अपने समर्थकों को आश्वस्त करते हुए टाइम्स को बताया कि मैं लाल झंडे का सिपाही हूं और किसी भी कीमत पर अपनी विचारधारा नहीं छोडूंगा। महिया ने टाइम्स को बताया कि वे बकाया वेतन, बिजली भत्ते, एनओसी और पीएसओ से सबंधित कामों के लिए जयपुर जाना पड़ा था। किसी भी प्रकार की कोई राजनीतिक चर्चा सीएम से नहीं हुई है। महिया ने कहा कि किसानों के हितों के लिए संघर्ष का रास्ता किसी भी प्रकार के लोभ के लिए नहीं छोड़ सकता। विदित रहे कि शनिवार दोपहर महिया के जयपुर जाने और सीएम हाउस से वापसी के बाद देर रात अपने खेत आ जाने के बाद क्षेत्र के कई अटकलें लगाई जा रही थी।



