






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 मार्च 2022। विद्युत विभाग में ग्यारह हजार की जर्जर लाइनों को बदलने की शिकायतों का अंबार लगा है और विभाग में निस्तारण के प्रयास ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। आज कल्याणसर नया की रोही में ग्यारह हजार की लाइन का कहर टूट कर किसान सुरजादेवी पत्नी रामेश्वरलाल गोदारा के खेत में गिरा और खून पसीना सींच कर तैयार की गई खड़ी कणक की फसल जलकर राख हो गई है। सुरजादेवी का पूरा परिवार कल्याणसर नया गांव में अपने देवर के घर पुत्र के विवाह समारोह में भाग लेने आया हुआ था। विवाह में मायरा भरने का कार्यक्रम संपन्न हो रहा था और परिवारजन बारात चढ़ने की तैयारियों में जुटा था। दोपहर दो बजे खेत पड़ौसी का फोन आया की खेत में फसल धूं धूं कर जल रही है। घर में आए हुए युवा रिश्तेदार ट्रेक्टर लेकर मौके पर पहुंचे परंतु तब तक किसान को लाखों के नुकसान की चपत लग गयी। मौके पर उपस्थित कन्हैयालाल डेलू ने बताया कि मौके पर ग्यारह हजार की लाइन का तार टूटा और फसल पकी हुई होने के कारण आगे से आगे आग पकड़ते गई। डेलू ने बताया कि कई बीघा में फसल जलकर खाख हो गयी और गेंहू सहित चारे का नुकसान लाखों का हो गया है। यूथ कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने विभाग की लापरवाही को इस नुकसान का जिम्मेदार ठहराया व किसान परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। किसान परिवार ने सरपंच को सूचना दे दी है और पटवारी सहित प्रशासन को सूचित करने का प्रयास किया जा रहा है।




