






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जून 2024। श्रीडूंगरगढ़ शहर में बेजुबानों के लिए जगह-जगह खेलियां बनाई गई है। परंतु रखरखाव के अभाव में इनमें काई जमकर ये गंदी हो गई है। ऐसे में इन खेलियों की सार-संभाल का कार्य करने के लिए तीन युवाओं ने अनोखी सेवा का अभियान प्रारंभ किया है। मोमासर बास निवासी आंनद जोशी, गणेश शेखावत व श्याम गुसाईं के द्वारा सोमवार से प्रारंभ किए गए इस कार्य में दो दिन में एक दर्जन खेलियां साफ करवा दी गई है। वे इसे साफ करवाने, मरम्मत करवाने सहित चुने की कली करवाने के बाद पानी भरवाकर पूरा कार्य कर रहें है। कालूबास निवासी अमित पारीक ने बताया कि चुने कली की खेल में भरा पानी पीने से पशुओं में कैल्सियम की कमी नहीं होगी और साफ पानी पीने से वे बीमार नहीं होंगे। युवाओं ने कालूबास में अभियान पूर्णता की ओर है वहीं जोशी ने बताया कि कस्बे के सभी मोहल्लों में ये कार्य किया जाएगा। अनेक नागरिकों द्वारा युवाओं के इस सेवा कार्य की सराहना की जा रही है।





