May 20, 2026
00000001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2026। अफीम के साथ पकड़े गए एक आरोपी के परिजनों ने अपने ही गांव के एक युवक पर मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसे घेर कर पीट डाला। युवक ने थाने पहुंच मामला दर्ज करवाया है।
श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया कि तोलियासर निवासी 35 वर्षीय युवक मोहनलाल पुत्र कोडाराम जाट ने संतलाल धतरवाल, जगदीश धतरवाल, रूपाराम धतरवाल, दिनेश धतरवाल व अन्य के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया मंगलवार रात करीब 8.30 बजे वह राशन की दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ लाठी सरिए से मारपीट करने लगे। परिवादी ने बताया कि इससे पहले भी 18 फरवरी 2026 को भी आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला किया और उसका हाथ तोड़ दिया था। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।