






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अक्टूबर 2023। आज समय बौद्धिक शक्ति का समय है और सही समय पर सही बात सही शब्दों में कहना भी सबसे बड़ी कला है। ये बात लैंग्वेज ट्री के राज सर ने तेरापंथ भवन ऊपरलो में आयोजित सात दिवसीय कार्यशाला के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कही। उन्होंने कहा कि डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम ने कहा था कि हमें हर क्षेत्र में अच्छे लीडर चाहिए और लीडर को केवल राजनीति से जोड़कर नहीं देखें लीडर हर क्षेत्र में होते है। इस कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी अपने अपने क्षेत्र में लीडर साबित हो जो सकारात्मक ऊर्जा के साथ काम करें। बता देवें तेरापंथ युवक परिषद द्वारा सात दिवसीय कॉन्फिडेंट पब्लिक स्पीकिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भीलवाड़ा से प्रशिक्षण देने आए सीपीसी प्रशिक्षक महावीर जैन ने बताया कि कार्यशाला में कुल 41 सदस्य तथा सुबह तीन घंटे की कक्षा में 17 तथा शाम को तीन घंटे की कक्षा में 24 प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यशाला में युवतियों की संख्या अधिक रही व सभी प्रतिभागियों ने एकाग्रता से झिझक को दूर कर आत्मविश्वास के साथ सार्वजनिक भाषण देना सीखा है। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने जो सीखा उसका प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अभातेयुप के सहमंत्री अन्नत बागरेचा ने श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ युवक परिषद के प्रयास की सराहना करते हुए आगे भी युवा शक्ति का मार्गदर्शन करने में उपयोगी कार्य करने की प्रेरणा दी। तेयुप अध्यक्ष मनीष नवलखा ने स्वागत उद्बोधन दिया व सभी अतिथियों को दुपट्टा पहना कर स्वागत किया। मंच पर विशिष्ट अतिथि रिद्धकरण लूणियां, शाखा प्रभारी पीयूष लूणिया, तेरापंथ सभा के विजयराज सेठिया उपस्थित रहें व सभी वक्ताओं ने कार्यशाला के आयोजन की सराहना की। दीक्षांत समारोह का प्रारंभ साध्वी डॉ संपूर्णयशाजी के मंगलापाठ से हुआ व हेमलता बरड़िया ने मंगलाचरण सुनाया। सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार सचिव दीपक सेठिया ने व्यक्त किया। इस दौरान तेयुप के सभी सदस्य, परामर्शक सदस्य तेरापंथ सभा के सदस्य, महिला मंडल पदाधिकारी सहित धनराज पुगलिया, भंवरलाल दुगड़, सत्यनारायण स्वामी, विमल भाटी, महावीर माली, कांति पुगलिया व अनेक अतिथि मौजूद रहें।







