May 21, 2026
000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 दिसंबर 2024। सरकारी खरीद किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। बीकानेर स्थित वेयर हाऊस के भर जाने के बाद राजफेड ने देशनोक वेयरहाऊस खोला। अब देशनोक वेयरहाऊस में पूरे बीकानेर सहित चूरू व फलौदी तक की गाड़ियां पहुंच रही है। यहां माल खाली करवाने की कछुआ चाल के चलते सहकारी समितियां बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। समिति गाड़ियों की कतारें सड़कों के किनारे लग गई है। इन्हीं कतारों के बीच श्रीडूंगरगढ़ सहकारी समिति की 45 गाड़ियां करीब पांच दिन से वहां फंसी है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ मंडी में मूंगफली उठाव बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। खरीद की गति धीमी हो गई है जिससे किसानों के मूंगफली भरे वाहनों की कतार श्रीडूंगरगढ़ से घुमचक्कर से जयपुर रोड तक पहुंच गई है। ये कतार दो किलोमीटर से भी अधिक लंबी हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंडी में यहां की उठाव क्षमता से अधिक उठाव कर लिया गया है और मंडी में माल उठाव के लिए पड़ा है। अब देशनोक वेयरहाऊस की धीमी गति के कारण खरीद व्यवस्था गड़बड़ा रही है।

सर्द रातों में किसान परेशान, भुगत रहें है वाहनों का किराया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ठिठुरन वाली ठंड में किसान अपना माल लेकर सड़कों किनारे खड़े है। ठंडी रात में वे माल छोड़कर जा नहीं सकते और सर्दी के साथ वाहनों का दो से तीन या चार दिन का किराया भुगतने को भी मजबूर है। किसान 40 क्विंटल मूंगफली समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए ये अनेक परेशानियां झेलने को मजबूर है। 4 दिन से अपनी तुलाई की बारी का इंतजार करते लिखमादेसर के युवा किसान रामप्रताप सिद्ध ने नाराजगी जताते हुए कहा कि तीन रातों से ट्राली में ही सर्दी की रात बीता रहें है। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ में एक अतिरिक्त तुलाई केंद्र खोला जाना चाहिए, जिससे किसानों की जल्दी बारी आ सकें और ठंडी रातों में किसानों को 5 दिन इन्तजार नहीं करना पड़े। सीजन के दौर में 5 दिन वाहन खड़ा रहने पर किसानो का आर्थिक बोझ भी बेवजह वहन करना पड़ रहा है। महिया ने राजफेड द्वारा माल उठाव की व्यवस्था में सुधार करने की भी बात कही।

यातायात प्रभावित, सड़क किनारे व्यवस्थाएं बाधित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मूंगफली भरे वाहनों से बीदासर रोड से घुमचक्कर तक सड़क किनारे वाहनों की कतारों से सड़कें व विभिन्न रास्ते बाधित हो रहें है। ऐसे में यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है जिससे सैंकड़ो यात्री व राहगीर परेशानी झेल रहें है। दिन में कई बार रास्तों पर लगने वाले लंबे जाम से लोग खासे झुंझला गए है। बीदासर रोड के पास रहने वाले निवासियों को भी अनेक परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में लोग लगातार व्यवस्थाओं में सुधार की मांग कर रहें है।

टोकन होते है रिव्यू, दो-तीन दिन मंडी नहीं आने की सलाह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंडी में तुलवाई से जुड़े सूत्रों के अनुसार माल का उठाव नहीं होने से खरीद प्रभावित है और धीमी गति से खरीद की जा रही है। ऐसे में किसानों की कतारे देखकर चिंतित कृषि जानकारों ने बताया कि टोकन जारी होने के बाद 10 दिन तक मान्य रहता है व खरीद नहीं हो पाने पर किसान को परेशान किए बिना टोकन समिति व राजफेड अधिकारियों द्वारा ही रिव्यू करवा दिया जाता है। ऐसे में किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे मूंगफली लेकर मंडी पहुंचने वाले है तो कम से कम दो से तीन दिन वे नहीं आए, क्योंकि आगे के किसानों के नबंर आने और उनकी मूंगफली खरीद होने में संभवतया तीन दिन का समय लगने की संभावना है। किसान तीन दिन बाद मूंगफली लेकर मंडी पहुंचे, या टोकन का रिव्यू करवाकर बाद में भी खरीद की जा सकेगी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देशनोक वेयरहाऊस के बाहर लगी मूंगफली भरे ट्रकों की कतारें, खरीद हुई प्रभावित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देशनोक में लगी वाहनों की कतारें, 45 गाड़ियां श्रीडूंगरगढ़ की खड़ी वेटिंग में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तीन रात व चार दिनों से ट्राली में ही बैठे किसान, खरीद की बारी का कर रहें है इंतजार।