May 21, 2026
010

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितंबर 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत इंदपालसर के लिए 1 करोड़ की लागत से नया फीडर स्वीकृत हो गया है। रिड़ी के 132 जीएसएस से ये फीडर शीघ्र ही अलग करने की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। इससे इंदपालसर क्षेत्र के इंदपालसर हथाणा, नोसरिया, बाडेला क्षेत्र के हजारों किसानों को बिजली कटौती व ट्रिपिंग से निजात मिल सकेगी। ये सूचना मिलने पर इन क्षेत्रों के किसानों में हर्ष की लहर है और विधायक गिरधारीलाल महिया का आभार जता रहे है। विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदपालसर विद्युत फीडर के निर्माण के लिए 1 करोड़ 11 लाख की लागत से 15.5 किलोमीटर की नई 33 केवी लाईन डाली जाएगी। जिससे कृषि कुंओं पर निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी। इस स्वीकृति के लिए महिया ने ऊर्जा मंत्री का आभार प्रकट किया। वहीं दूसरी ओर गांव दुलचासर स्थित 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन पर 50 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित होगा। जिससे 132 केवी जीएसएस से जुड़े गांवों को बिजली संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। महिया ने बताया कि इस कार्य के लिए ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी व विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा था और अंतत 50 एमवीए का पावर ट्रांसफॉर्मर स्वीकृत करवा लिया गया है। वहीं महिया ने आज ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी से मुलाकात कर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से संबंधित अनेक बिजली समस्याओं के निस्तारण पर चर्चा करते हुए मांग पत्र भी सौंपे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज विधायक गिरधारी लाल महिया मिले ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी से।