






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितंबर 2022। क्षेत्र में लगातार छोटी बड़ी चोरियों को अंजाम दे रहें चोरों ने बीती रात एक छोटी सी दुकान के ताले तोड़कर सारे सामान पर हाथ साफ कर लिया है। गांव रिड़ी से अभयसिंहपुरा मार्ग पर स्थित कांकड़ बिग्गाजी मंदिर के पास दुकान करने वाले भादरनाथ पुत्र लिखमनाथ सिद्ध की दुकान के ताले चोरों ने तोड़ दिए। चोर मोटरसाइकिल लेकर आए व संख्या में तीन होने का अंदेशा ग्रामीण जता रहे है। चोरों ने दुकान में रखी नगदी के अलावा प्रसाद, कुरकुरे, चिप्स, बिस्कुट, पुड़िया, बिड़ी, सिगरेट, टॉफियां सहित कोई सामान नहीं छोड़ा और सारा ही सामान समेट कर ले गए। भादरनाथ ने बताया कि आस पास के खेतों के ग्रामीणों को वे छोटी छोटी सामग्री बेचकर अपना रोजगार कर रहें थे परंतु चोरों को रास नहीं आया और प्रसाद तक चोरी कर ले गए है। ग्रामीणों में चोरों की व चोरों द्वारा ले जाया गया सामान चर्चा का विषय बन गया है। बता देवें क्षेत्र के गांव लोढेरा में गत दिनों हुई करीब 28 लाख के गहनों की चोरी में भी पीड़ित बरामदगी के लिए पुलिस प्रशासन के चक्कर काट कर परेशान हो रहें है परंतु पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।






