






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 अगस्त 2023। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के श्रीडूंगरगढ़ दौरे की सरगर्मियां जोरो पर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डोटासरा गंगानगर से रवाना हो चुके हैं और कुछ ही देर में लूणकरणसर पहुंच कर सुबह 9.30 बजे राजीव गांधी खेल ओलंपिक के उदघाटन समारोह में भाग लेंगे। वहां से वे सीधे श्रीडूंगरगढ़ के लिए रवाना होंगे और श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश पर गांव गुंसाईसर बड़ा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना की अगुवाई में अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां भी बड़ी संख्या में आस पास के कांग्रेस कार्यकर्ता और बाना समर्थक युवा कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। गुंसाईसर बड़ा में अभिनंदन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर डोटासरा श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के लिए रवाना होंगे। यहां कस्बे में प्रवेश के साथ ही कालू रोड़ पर कांग्रेसी नेता मूलाराम भादू की अगुवाई में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम में भाग लेकर डोटासरा बीदासर रोड में तेजा मंदिर प्रांगण में, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा की अगुवाई में हो रहे विशाल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। यहां हजारों की संख्या में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कांग्रेसी एकत्र होंगे, जिन्हें प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों को प्रधान प्रतिनिधि केशराराम गोदारा की अगुवाई में राधेश्याम सारस्वत, मूलाराम थोरी, विजयराज सेवग, प्रहलाद सोनी, सरजीत जाखड़, राजेश मण्डा, हनुमान दुसाद, रमन गोदारा, महेंद्र दुगड़ सहित कई कार्यकर्ताओं ने अंतिम रूप दे दिया है और विशाल पांडाल भी पूरी तरह से सज चुका है। इस कार्यक्रम का सीधा लाइव प्रसारण श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। आप सभी पाठक फेसबुक पर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पेज को लाइक, फॉलो कर के टाइम्स के साथ जुड़ सकते हैं।





