






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2023। शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में दिन भर की खास खबरें पढ़ें एक साथ इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में।
साथी जवान को दी श्रृद्धांजलि, श्रीडूंगरगढ़ थाना शोक में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2023। न्यायालय में तारीख पेशी के लिए जैसलमेर जाने का कह कर घर से निकले श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने के जवान रमेश थालोड़ की मृत्यु रामदेवरा धाम में स्थित रामसरोवर तालाब में डूबने से हो गई थी। मृतक कांस्टेबल के शव को रामदेवरा में पोस्टमार्टम् के बाद उनके पैतृक गांव चुरू जिले के रतनपुरा ले जाते समय श्रीडूंगरगढ़ थाना प्रांगण में रोका गया। यहां पर उन्हें अंतिम श्रृद्धांजलि पूरे स्टाफ की और से दी गई। तहसीलदार राजवीरसिंह भी थाने पहुंचे एवं पूरे स्टाफ ने शव पर पुष्पांजलि अर्पित की। थाना शोकग्रस्त है एवं बड़ी संख्या में साथी जवान रमेश को अंतिम विदाई देने उनके गांव गए है।


तंवर ने याद दिलाया पालिका का वायदा, नहीं निभाने पर जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2023। नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा ने कस्बे के वार्ड 24 में हाईवे पर स्थित कब्रिस्तान में चारदिवारी की घोषणा काफी पहले की थी। लेकिन पालिका प्रशासन इस वायदे को भुल गया। ऐसी स्थिति में शुक्रवार को युवा कॉंग्रेस के जिला महासचिव गोल्डन तंवर की अगुवाई में युवाओं ने शुक्रवार को नगरपालिका पहुंच कर अपना रोष जताया। युवाओं ने सामूहिक रूप से पालिका अधिषाशी अधिकारी को ज्ञापन दिया एवं कमजोर दिवार होने के कारण हादसा होने का डर बताते हुए जल्द से जल्द चारदिवारी बनवाने की मांग की है। गोल्डन ने बताया कि वर्तमान में कब्रिस्तान में बरसाती पानी भी एकत्र हो रहा है एवं इस कारण भी खासी दिक्कतें हो रही है। ज्ञापन देने वालों में मोहल्ले के युवा अकरम चुनगर, अरशद अली, सलीम चुनगर, साजिद तंवर, याकूब चुनगर, तौफ़िक़, आसिब, आरिफ़ चुनगर, रमज़ान चुनगर, आसिफ़ बहलिम, समीर पावटे, आजम खोखर, नदीम खोखर, आबीद बेलहिम आदि शरीक रहे।

अगवानीजी मंदिर में जागरण देनें आएगें स्वर सम्राट संत गुलाबनाथ महाराज, पढ़ें विस्तार से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2023। कस्बेवासियों की आस्था के केन्द्र कालूबास स्थित अगवाणीजी महाराज के मंदिर में आगामी 1 सितम्बर को भव्य रात्रि जागरण आयोजित किया जाएगा। पुजारी राहुल आसोपा ने बताया कि इस बार जागरण में स्वर सम्राट की पदवी प्राप्त संत गुलाबनाथ महाराज सानिध्य देगें एवं रात भर महाराज के द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर श्रृद्धालू एवं आयोजन समिति के कार्यकर्ता जुट गए है।
ब्लॉक स्तरीय फुटबॉल में दिखाया दमखम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2023। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक के तहत ब्लॉक स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता शुक्रवार को गांव दुलचासर के राउमावि के खैल मेदान में शुरू हुई। महिला एवं पुरुष दोनो वर्गों की इस प्रतियोगिता की शुरूआत पर दुलचासर सरपंच प्रतिनिधि मोड़ाराम महिया अतिथ रूप में मौजूद रहे। मांगीलाल स्वामी ने बताया कि उदघाटन मैच महिला वर्ग में मोमासर व सुरजनसर के बीच हुआ। जिसमें सुरजनसर ने 2-0 से मोमासर को हराया। प्रतियोगिता संयोजक मनोज रंगा एवं टीम ने दिन भर में प्रथम राऊंड के दस मैच आयोजित हुए है। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 30 टीमें एवं महिला वर्ग की 11 टीमें भाग ले रही है।




