






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जनवरी 2024। 22 जनवरी को रामोत्सव मनाने के लिए श्रीडूंगरगढ़ शहर पूरी तरह से तैयार हो गया है, यहां हर घर, हर वार्ड, हर मोहल्ले में रामभक्तों की टोलियों ने पीले चावल बांट कर 22 जनवरी को अपने अपने स्तर पर राम महोत्सव में भागीदारी निभाने का आह्वान का कार्य पूर्ण कर लिया है। इस आह्वान का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है एवं कस्बे में चारों और 22 जनवरी को विभिन्न आयोजनों की खबरें सामने आ रही है। यहां नगरपालिका द्वारा जहां मुख्य स्थलों, मार्गों पर शानदार सजावट की गई है वहीं प्रमुख मंदिरों में भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने प्रस्तावित है। पढ़ें पूरी खबर विस्तार से, जानें शहर के सभी प्रमुख आयोजनों के बारे में।
झंवरों के मंदिर कालूबास में होगा महाप्रसाद, निकलेगी भव्य शोभायात्रा, पहुंचेगी सभी मंदिरों में, बड़े आयोजन की बड़ी खबर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 22 जनवरी पर कस्बे में सबसे बड़ा कार्यक्रम कालूबास झंवरों के मंदिर में रामभक्तों द्वारा सामूहिक रूप से आयोजित किया जा रहा है। पूजारी अशोक आसोपा ने बताया कि यहां से सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी जो कि कालूबास के सभी मंदिरों तक पहुंचेगी। शोभायात्रा झंवरों के मंदिर से निकल कर राधाकृष्ण मंदिर, दधीमथी माता मंदिर, पाराशर मंदिर, रामदेवजी मंदिर, ठाकुरजी मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, पूनरासर बालाजी मंदिर, लक्ष्मीनाथजी मंदिर, गुंसाईजी मंदिर, हरिराम जी मंदिर होते हुए पुन: झंवरों के मंदिर पहुंच कर पूर्ण होगी। इस दौरान सभी मंदिरों के आगे चंग-धमाल के साथ रामभजन गाए जाएगें एवं रास्तों में अनेकों जगहों पर शोभायात्रा का स्वागत, सत्कार किया जाएगा। शोभायात्रा के बाद झंवरों के मंदिर में भजन-कार्यक्रम एवं महाप्रसाद का आयोजन भी किया जाएगा व शाम को पूरे मंदिर को दीपक सजाकर देव-दिवाली मनाई जाएगी। पूजारी अशोक आसोपा ने बताया कि सामूहिक रूप से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में मोहता परिवार कालूबास का विशेष सहयोग होगा।
आडसर बास माताजी मंदिर में सुबह होगा सुदंरकांड।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के सबसे बड़े मंदिर आडसर बास माताजी मंदिर में भी अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पर्व को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। यहां सुबह 8.15 बजे भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हनुमान कुदाल एंड पार्टी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ व भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इस आयोजन में मंदिर परिवार द्वारा भक्तों को आमंत्रित किया गया है। मंदिर परिसर में इस बाबत सफाई भी की जा रही है एवं रात को आस पडौस के निवासियों द्वारा मंदिर में दीप जलाकर सजावट भी की जाएगी।
चीडपडनाथजी की बगीची में सजेगा राममंदिर का रूप, होगी प्रतियोगिता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 22 जनवरी को विशेष कार्यक्रम के तहत कस्बे में गौरव पथ पर स्थित बाबा चिडपडनाथजी की बगीची में चांदेश्वर महादेव मंदिर को राम जन्मभूमि मंदिर के मॉडल पर सजाया जाएगा। भौले की फौज करेगी मौज टीम के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों की श्रृंखला में अयोध्या मंदिर जैसा भव्य रामलला दरबार सजाने के बाद दोपहर 12:15 बजे श्रीराम महाआरती के साथ कार्यक्रम शुरू होगें। आरती बाद मोहल्ले की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन एवं सत्संग होगा। 1 बजे से 3 बजे तक रामप्रसादी के रूप में सहभोज होगा। दोपहर 3:15 बजे से बच्चों और महिलाओं के लिए रामायण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें प्रतिभागियों से रामायण से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे जाएंगे और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। यहां शाम को 6:00 बजे बगीची के परिसर में 1100 दीपक जला कर देव दिपावली मनाई जाएगी एवं रात्रि 9:00 बजे स्थानीय कलाकारों श्रीराममयी सत्संग आयोजित किया जाएगा। आयोजकों द्वारा इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी भक्तों से यथासंभव केसरिया कपड़े पहन कर आने का आग्रह भी किया गया है।
राम मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा, होगें विभिन्न आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 22 जनवरी को कस्बे के आडसर बास स्थित श्रीराम मंदिर में विशेष आयोजन होगें। यहां रामचरितामानस पाठ, शोभा यात्रा एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। श्रीराम मंदिर सत्संग समिति के मंत्री जगदीश राठी ने बताया कि मंदिर प्रांगण में 21 जनवरी सुबह 8 बजे से अखंड रामचरित मानस का पाठ शुरू किया जाएगा जो कि 22 जनवरी सुबह तक चलेगा। 22 जनवरी को सुबह 10 बजे मंदिर प्रांगण से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी जो कि राम मंदिर से रवाना होकर भैंरूजी मंदिर, ठाकुरजी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों से होते हुए पुन: राम मंदिर पहुंच कर पूर्ण होगी। मंदिर प्रांगण में रात्रि 7 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देगें।
नगरपालिका ने की भव्य तैयारियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अयोध्या में राम मंदिर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका द्वारा भी भव्य तैयारियां की गई है। यहां पालिका द्वारा मंदिरों एवं आस पास के क्षेत्रों में विशेष सफाई कार्य किया जा रहा है। वहीं घूमचक्कर, गौरव पथ, स्टेशन रोड़, कालू रोड़, पुरानी प्याऊ, कालू रोड़ के प्रवेश द्वार आदि जगहों सहित मुख्य गलियों में खंभों पर विभिन्न डिजायनों में एवं रंग-बिरंगी रोशनियां सजाई गई है। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा स्वंय इस कार्य की मोनिटरिंग कर रहे है व पार्षदगण भी सहयोगी के रूप में देर रात तक हो रहे सफाई कार्यों व सजावट कार्यों का जायजा ले रहे है। देखें फोटो।






