May 20, 2026
WhatsApp Image 2024-04-21 at 11.01.45

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अप्रैल 2024। श्रीहनुमान जन्मोत्सव का पावन पर्व दिनांक 23 अप्रैल 2024, वार- मंगलवार को मनाया जाएगा। आचार्य रामदेव उपाध्याय ने जीवन में शारीरिक, मानसिक व आर्थिक मजबूती के लिए विशेष पांच उपाय बताए है। आप भी इन उपायों को अपनाकर अपने जीवन की उलझनों को सुलझाने के लिए करें प्रयास।
1.आर्थिक मजबूती- रामदेव उपाध्याय ने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आर्थिक पक्ष मजबूत करने के लिए बताया कि जिन लोगों का आर्थिक पक्ष कमजोर हो वे लोग श्रद्धा पूर्वक हनुमानजी का व्रत रखें। वे जन्मोत्सव के दिन हनुमानजी को गुड़ एवं गेहूं के आटे की रोटी के लड्डू या मोतीचूर के लड्डू बनाकर भाव से भोग लगावें और बाबा से सच्चे ह्रदय से अपने आर्थिक संकट दूर करने की प्रार्थना करें। ऐसा करने से हनुमान जी की विशेष कृपा के साथ जीवन में धन-धान्य भी बढ़ेगा।

2. शनि दशा निवारण- आचार्य ने बताया की जिन लोगों की जन्म कुंडली में शनि ग्रह से पीड़ा हो या महादशा, अंतर्दशा चल रही हो अन्यथा गोचर कुंडली में शनि की ढैया या साढ़ेसाती का समय चल रहा हो। वे शनि दोष से बचने के लिए हनुमान जन्मोत्सव के दिन एक पानी का नारियल लेकर हनुमान मंदिर में जाकर बजरंग बली की मूर्ति के सामने भगवान के सिर से लेकर पैर तक (सात वार) वार लें फिर उस नारियल को वहीं पर फोड़ देवें। उसके बाद हनुमानजी के समक्ष घी का दीपक प्रज्वलित करके वहीं पर “ओउम् हं हनुमते नमः” मंत्र का 108 बार जप और तत्पश्चात सुंदरकांड का पाठ करना चाहिए। इससे हनुमान जी की कृपा प्राप्ति के साथ शनि की दशा का कष्टकारी प्रभाव भी कम हो सकेगा।

3. मंगल ग्रह की मजबूती एवं स्थाई संपत्ति की वृद्धि हेतु- आचार्य ने बताया कि यदि किसी जातक की जन्म कुंडली या गोचर कुंडली में मंगल ग्रह से किसी प्रकार की पीड़ा है। जिससे वे अधिक मेहनत के बाद भी स्थाई (जमीन व जायदाद), संपत्ति की कमी है। ऐसे जातक हनुमान जन्मोत्सव के दिन नवग्रह मंदिर में या भार्गव को लाल वस्त्र एवं मसूर दाल का दान अवश्य करें। ऐसा करने से उनकी स्थाई संपत्ति में धीरे-धीरे वृद्धि होने के आसार बनने लगेंगे।

4.नौकरी एवं व्यापार में उन्नति हेतु- आचार्य ने बताया कि यदि आप अपने व्यापार क्षेत्र में मंदी, व्यापार ठप्प होना, व्यापारिक दृष्टि से मानसिक तनाव, मेहनत के अनुपात में धनोपार्जन में कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं तो ऐसे जातक हनुमान जन्मोत्सव के दिन तुलसी के 108 पत्तों पर राम नाम अंकित करके उन 108 पत्तों की माला बनाकर भगवान बजरंगबली को श्रद्धा भाव से अवश्य अर्पित करें। इसी के साथ हनुमानजी के आगे सरसों के तेल व घी के दो अलग-अलग दीपक करके हनुमान चालीसा का पाठ भी अवश्य करें। इस उपाय से नौकरी एवं व्यापार में उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे।

5. स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास हेतु- आचार्य ने बताया कि यदि किसी जातक को किसी प्रकार के शारीरिक रोग या कष्ट से पीड़ित हैं और यदि आपके अंदर आत्मविश्वास की कमी है। तो कृपया हनुमान जन्मोत्सव के दिन अपने घर में हनुमान यंत्र की स्थापना करके इस यंत्र का नियमित पूजन अवश्य करें। हनुमान यंत्र सदैव सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करता है साथ ही इससे मनुष्य के शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी वृद्धि संभव है।

पंडित देवीलाल उपाध्याय
9414429246