






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मई 2024। राजस्थान में बढ़ती गर्मी व तपती धरती के कहर को देखते हुए इस बार जिला प्रशासन ने व्यापक पौधारोपण के लिए कमर कस ली है। आज जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पौधारोपण की तैयारियों संबंधी बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले पौधारोपण के लिए जगह चिन्हित करने व इनके रोपण के लिए पौधों की संख्या की जानकारी सहित संपूर्ण तैयारियां समय पर देने के निर्देश दिए हैं। वृष्णि ने जिला परिषद, कृषि, शिक्षा विभाग, वन विभाग, नगर निगम, जल संसाधन सहित अन्य विभागों को विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल मैदानों, सरकारी कार्यालयों और मनरेगा कार्य स्थलों पर पौधारोपण की कार्य योजना बनाने, आगामी साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल, नगर निगम आयुक्त अशोक असीजा, उप वन संरक्षण डॉ. एस. सरथ बाबू, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र शर्मा, कृषि विभाग संयुक्त निदेशक कैलाश चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उपयोगी व स्थानीय प्रजाति के पौधे लगावें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में सहजन, मीठा नीम, इमली, रोहिड़ा, खेजड़ी, जामुन, कैरोंदा जैसी विभिन्न स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जाएं। सौंदर्यीकरण व हरियाली के लिए राजमार्गों के किनारों पर फूलदार पौधे लगाए जाएं। इस दौरान जिला कलेक्टर ने बीज संग्रहण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले में सीड बैंक शुरू किया जाएगा। इसके लिए राजीविका को प्रशिक्षण देकर उनके माध्यम से बीज संग्रहित करवाए जाएंगे।
8 लाख 27 हजार पौधे लगाएंगे, शिक्षा विभाग 6 लाख पौधों का करेगा वितरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिला परिषद द्वारा 2 लाख 27 हजार व शिक्षा विभाग द्वारा 6 लाख पौधों का वितरण किया जाएगा। जिला परिषद द्वारा सरकारी कार्यालयों, नरेगा कार्य स्थलों, मैदानों सहित अन्य स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। वहीं शिक्षा विभाग द्वारा 3 लाख पौधों का वितरण सरकारी व निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों में किया जाएगा। शेष तीन लाख पौधे अभिभावकों को वितरित किए जाएंगे।




