






सोना पहली बार 79 हजार पार, चांदी भी हुई महंगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत रिकॉर्ड स्तर पर होने से शुक्रवार को जयपुर में शुद्ध सोना 800 रूपए की छलांग लगाकर 79,500 रूपए प्रति दस ग्राम के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 22 कैरेट जेवराती सोना भी 700 रूपए महंगा होकर 73,900 रूपए प्रति दस ग्राम हो गया। चांदी में 1,300 रूपए प्रति किलोग्राम की तेजी रही। उधर दिल्ली में शुद्ध सोना 550 रूपए की तेजी से 79,500 रूपए प्रति दस ग्राम के रिकॉर्ड भाव बिका। कॉमेक्स में दिसंबर डिलीवरी सोना 24 डॉलर बढ़कर 2,731.50 डॉलर तथा दिसंबल डिलीवरी चांदी 1.041डॉलर की तेजी से 32.815डॉलर प्रति आउंस पर ट्रेड कर रही थी। चांदी 999 (किलो) 95000 रूपए किलो बिकी है। कमोडिटी विश्लेषकों का अंदाजा है कि अगल साल जून तक सोना 85 हजार तक जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना पहली बार 2,700 डॉलर प्रति आउंस से ऊपर निकल गया। आईबीजेए के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक इसकी कीमत 14,164 रूपए और 12 महीनों में 18,127 रूपए बढ़ चुकी है। इसका मतलब है कि एक साल में गोल्ड का रिटर्न 30.6% रहा है। वहीं बाजार के एक्सपर्ट का कहना है कि सोने में तेजी थमने के आसार नहीं है।
68 जोड़ी गाड़ियों में बढ़ेंगे कोच, यात्रियों को मिलेगी राहत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रेलवे द्वारा त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए 68 जोड़ी ट्रेनों में अस्थाई रूप से 145 डिब्बे बढ़ाने का निर्णय लिया है। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के स्टार्ट अप और देश विदेश में समस्त प्रकार की यात्राएं सुरक्षित और सुविधाजनक रूप से अरेंज करवाने वाले चोखी यात्रा डॉट कॉम के महेश बोहरा ने बताया कि बीकानेर दिल्ली सराय बीकानेर एक्सप्रेस में 1 नबंवर से 2 दिसंबर तक 1 सेकंड एसी, 1 थर्ड एसी और एक स्लीपर क्लास कोच बढाया जाएगा। बीकानेर दिल्ली सराय बीकानेर एक्सप्रेस में 2 नवंबर से 1 दिसंबर तक 1 थर्ड एसी और 2 स्लीपर कोच के डिब्बे बढ़ाए जाएंगे। वहीं हरिद्वार के बीच चलने वाली दो ट्रेनों में तीन कोच बढ़ाए जाएंगे। बीकानेर हरिद्वार बीकानेर एक्सप्रेस में तथा बाड़मेर ऋषिकेश बाड़मेर वाया बीकानेर एक्सप्रेस में 1 नवंबर से 2 दिसंबर तक कोच बढ़ाए जाएंगे। बीकानेर के लालगढ़ से चलने वाली बीकानेर कोलकाता बीकानेर एक्सप्रेस, बीकानेर पुरी बीकानेर एक्सप्रेस, बीकानेर वलसाड बीकानेर एक्सप्रेस, बीकानेर पुणे बीकानेर एक्सप्रेस में भी कोच बढ़ाए जाएंगे।
प्रदेश में अक्टूबर के आखिर में सर्दी बढ़ेगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रदेश में मौसम साफ होने के बाद पारे में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। कभी दिन का पारा चढ़ने से गर्मी का असर बढ़ता है तो कभी रात का पारा लुढ़कने से सर्दी का अहसास होने लगता है। बीती रात प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ। माउंट आबू में सबसे कम 14.0 डिग्री पर ही आ गया। 24-25 अक्टूबर को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के बाद यहां सर्दी बढ़ेगी। 10 शहरों में दिन का पारा 28 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।




