May 20, 2026
000000000

शराब के नशे के खिलाफ धरने के 200 दिन पूरे, जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव धीरदेसर चोटियान में शराब के अवैध ठेके को बंद करवाने के लिए ग्रामीणों द्वारा दिए जा रहें धरने के 200 दिन मंगलवार को पूर्ण हो गए। बुधवार को 201वें दिन धरनास्थल पर राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन के प्रदेशाध्यक्ष संतोष विनायकिया, शहर अध्यक्ष कैलाश व्यास, महिला प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष सरला आचार्य, जिलाध्यक्ष भारती व्यास पहुंची। धरने की जानकारी लेकर संगठन पदाधिकारियों ने सात माह से अवैध ठेका बंद करने के लिए किए जा रहें संघर्ष की सराहना की और प्रशासन की अनदेखी पर नाराजगी जताई। संगठन ने विधानसभा व लोकसभा के जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर इसे बंद करने की मांग करने की बात कही। धरनार्थियों ने बताया कि नशे के हालत में गांव में करीब 7 हत्याओं की वारदातें हुई है व आए दिन महिलाएं हिंसा का शिकार होती है। डॉ श्यामसुदंर आर्य ने बताया कि ऐसे में गांव के बुद्धिजीवी युवाओं ने स्कूल खेल मैदान व मंदिर के निकट इस अवैध ठेके को बंद करवाने की ठान ली है। आर्य ने कहा कि ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तक अनेकों बार बात पहुंचा दी है परंतु इस पर ध्यान नहीं दिया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न ही है। धरने पर तेजाराम मेघवाल, केशराराम, कानाराम, रामचंद्र, दयालाराम, सीताराम, बलवीर चोटिया, मोटाराम सांसी व किशन चोटिया मौजूद रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धीरदेसर चोटियान में शराब ठेका बंद करवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीणों के 200 दिन हुए पूरे।

लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी में हुआ सक्सेस सेशन का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी और केकेसी लाइब्रेरी के संयुक्त तत्वाधान में “हाउ टू मेक ए सक्सेसफुल माइंड” विषय पर एक सेशन का आयोजन संपन्न किया गया। एकेडमी के राज सर ने छात्र छात्राओं को सफलता के लिए अंग्रेजी विषय के महत्व की जानकारी देते हुए सफलता के साथ शांति को जरूरी बताया। राज सर ने अच्छी किताबें पढने व सकारात्मक सोच रखने की प्रेरणा दी। इस दौरान सेशन वक्ता प्रीतिका पुगलिया ने कुछ सफल लोगों के माइंडसेट को समझाया। रिछपाल सिंह ने प्रतिदिन कुछ नया सीखने के लिए तैयार रहने की बात कहते हुए सभी का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी में हुआ सक्सेस सेशन का आयोजन।

रंग पंचमी पर गौवंश को लापसी भंडारा खिलाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीकरणी गौसेवा समिति कोटासर में बुधवार सुबह दानदाता शंकरलाल, रामंचद्र, लक्ष्मणराम, भरत कुमार, सूर्यप्रकाश ठोलिया लिखमीसर दिखणादा द्वारा अपनी माता की स्मृति में 5 मण मीठी लापसी का भंडारा बनवाकर गौवंश को खिलाया। रामचंद्र ठोलिया ने गौशाला समिति सदस्यों को फोन कर गौसेवा की व्यवस्थाओं में अधिक सुधार के लिए भी विचार व्यक्त किए। समिति सदस्यों ने दानदाता का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीकरणी गौसेवा समिति कोटासर में बुधवार सुबह 5 मण लापसी खिलाई गौवंश को, समिति ने दानदाता का आभार जताया।