May 21, 2026
0000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मई 2025। बेटे के विवाह में नहीं बुलाने से नाराज मौसी के लड़कों ने बारात लौटने पर झगड़ा करते हुए मारपीट कर डाली। सेरूणा थाने में 60 वर्षीय मदनलाल पुत्र रूघाराम जाट ने पुलिस को बताया कि उसने 28 मई 2025 को अपने पुत्र खिंवराज के विवाह में अपने पड़ौसी व मौसी के बेटे भाई भारूराम पुत्र गंगाजलराम जाट को निमंत्रण नहीं दिया। जिससे भारूराम, रामेश्वरलाल व भींयाराम तीनों भाई उससे रंजिश रखने लगे। 28 मई को ही आरोपी उसे व उसके परिवार को गंदी गालियां देते हुए झगड़ा करने लगे। तो परिवादी ने शेरूणा थाने को सूचना दी और मौके पर पुलिस वाले पहुंचे तो आरोपी अपने घर चले गए। उसके बाद इसी दिन बारात गई। विवाह के बाद 29 मई को एक दो बजे बारात नवविवाहित पुत्रवधू को लेकर वापस लौट आई। तभी तीनों आरोपी लाठियां लेकर आए व ढोल बंद कर चूपचाप घर के अंदर चले जाने की धमकी दी। परिवादी ने बताया कि उसने शुभकार्य में विघ्न नहीं डालने की बात कही तो आरोपी उग्र हो गए और परिवादी के साथ मारपीट करने लगे। जब उसने रोला किया तो रिश्तेदार पहुंच गए और भींयाराम ने उसकी कमीज के ऊपर की जेब में रखे 7,500 रूपए झपटी मार कर ले भागे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल महेश कुमार को दी है।