






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 जून 2025। वर्ष की सबसे बड़ी एकादशी पर शुक्रवार को श्याम धोरा मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के धोक लगाकर अपनी मन्नतें मांगी। श्याम दरबार की भव्य सजावट की गई व दिनभर भजन कीर्तन गूंजते रहें। अलसुबह से देर रात तक यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पुजारी द्वारा विशेष पूजा आरती का आयोजन किया गया। सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

एकादशी के मौके पर रेल यात्रियों के लिए वाटर कूलर की सेवा का लोकार्पण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निर्जला एकादशी के मौके पर शुक्रवार सुबह रेलवे स्टेशन श्रीडूंगरगढ़ पर आपणो गांव सेवा समिति के बैनर तले वाटर कूलर की सेवा का लोकार्पण किया गया। अशोक लखोटिया की प्रेरणा से सभार समर्पण नोखा द्वारा भेंट दिए गए कूलर से शुद्ध व शीतल पेयजल उपलब्ध करवाने की सेवा प्रारंभ कर दी गई। लोकार्पण कार्यक्रम में स्टेशन मास्टर नाथूराम ने समिति कार्यों की सराहना करते हुए वाटर कूलर को सैंकड़ो यात्रियों के लिए उपयोगी बताया। सेवा समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने जनसेवा को समिति का उद्देश्य बताते हुए इसमें सतत क्रियाशील रहने की बात कही। इस दौरान समिति के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार डागा सेवा समिति द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी देते हुए दानदाता का आभार जताया। कार्यक्रम में रामप्रताप सारस्वत, भीखाराम सुथार, प्रकाश प्रजापत, दुर्गेश नाई, राज सुथार, प्रवीण पालीवाल, मदन सोनी शामिल हुए।

नर नारायण सेवा संस्थान ने दी सेवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नर नारायण सेवा संस्थान द्वारा निर्जला एकादशी पर लस्सी, केरीपाना, रोज शरबत, ऑरेंज शरबत, आइसक्रीम और चॉकलेट का वितरण किया गया। संस्थान के संस्थापक धनराज जस्सू ने बताया की प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी घुमचक्कर पर सेवा शिविर क़ा आयोजन किया गया। संस्थान के दानदाताओं के सहयोग से सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित सेवा शिविर में अध्यक्ष सुषमा करनानी, श्याम करनानी, आनंद जोशी, विनोद कुमार तोलम्बिया, प्रदीप तंवर, राजकुमार राजपुरोहित, सीताराम मौसुण, राजकुमार नाई, राजेश महावर, कैलाश, महेंद्रनाथ, अभिषेक, गौरीशंकर, मुकेश गोड़ सहित अनेक युवाओं ने अपना श्रमदान दिया।

कोटासर गौशाला में 35 क्विंटल तरबूज का भंडारा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटासर की श्रीकरणी गौशाला में निर्जला एकादशी पर दानदाताओं द्वारा सामूहिक रूप से गौवंश के लिए 35 क्विंटल तरबूज का भंडारा भोग लगाया गया। कोलकाता प्रवासी हरिकिशन सारस्वत द्वारा 41 मण सहित बालोतरा प्रवासी रामेश्वर लाल भूतड़ा, मुंबई प्रवासी गणेशमल सुथार दुलचासर, मुंबई प्रवासी राजेंद्रप्रसाद जोशी गंगाशहर, जयपुर की विमला देवी सारस्वत, कोलकाता प्रवासी गोवर्धन सिंह राजपुरोहित, सुरेंद्रसिंह कोटासर, जुगलकिशोर ओझा बीकानेर, देवीलाल छरंग दुलचासर, राजेंद्र प्रसाद सोनी पुणे, शिवानी भाटी रतनगढ़, रामरतन बिश्नोई सांवतसर के सहयोग से भंडारा संपन्न हुआ। दानदाताओं द्वारा बालिकाओं के लिए शरबत प्रसाद वितरण भी किया गया। गांव के युवा गौ सेवकों ने तरबूज भंडारा वितरण में सहयोग किया व गौशाला समिति ने सभी दानदाताओं व सहयोगियों का आभार जताया।

सांवरा सेठ गौशाला में किया तरबूज भंडारा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास में स्थित सांवरा सेठ गौशाला में निर्जला एकादशी पर तरबूज भंडारा संपन्न किया गया। आस पास की गौसेवी महिलाओं ने सहयोग सेवा दी। गौशाला समिति सदस्यों ने सहयोगी दानदाताओं का आभार जताया।




