






लखासर टोल पर लगा नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, वाहन चालकों को मिला लाभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लखासर टोल प्लाजा पर गुरूवार को नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान शिविर में अनेक वाहन चालकों को शिविर का लाभ मिला। टोल प्लाजा प्रबंधक सुनील सिंह ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशों के बाद आयोजित शिविर में करीब चार दर्जन से वाहन चालकों की आंखो की जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया। सिंह ने बताया वाहन चालकों की सुविधा के लिए प्रतिवर्ष इस शिविर का आयोजन किया जाता है। गुरूवार को शिविर में एसके मेमोरियल सेवार्थ अस्पताल, बीकानेर के डॉ शंकर रानाव ने अपनी सेवाएं दी। इस दौरान पेट्रोलिंग इंचार्ज संदीप यादव, रितेश यादव सहित पूरा टोल प्लाजा स्टाफ सेवा सहयोग में खासे सक्रिय रहें।

श्रीडूंगरगढ़ के 6 पुरूष व 4 महिला वर्ग की खिलाड़ी खेलेंगी यूनिवर्सिटी टीम में, ये है शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के 10 खिलाड़ी महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी की बेसबॉल टीम में खेलेंगे। स्टार क्लब के मैनेजर कृष्णावतार सुथार ने बताया कि क्लब के खिलाड़ी ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट खेलेंगे। ये खिलाड़ी एमजीएसयू पुरूष वर्ग में किशन पूनियां, अशोक विश्नोई, किशन जाट, तुषार मीणा, पीयूष माली व आसिफ लखारा शामिल होंगे। वहीं महिला टीम में मोनिका टाड़ा, कोमल बगड़िया, शर्मीला, वंदना स्वामी शामिल होंगे। क्लब के महेश भाटी, प्रियंका लेघा, मुकेश गोदारा, राकेश ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। संचालक मोहन पूनियां ने बताया कि नए सत्र में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए नए खिलाड़ी अपना पंजीयन 9672588958 पर करवा सकते है।

बीटीएफ की बैठक गुरूवार को संपन्न, किट का वितरण किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को पंचायत समिति सभागार में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गठित उपखंड स्तरीय टास्ट फोर्स (BTF) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बीटीएफ अध्यक्ष उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, सदस्य तहसीलदार कुलदीप मीणा, सहायक विकास अधिकारी रमन बंगड़, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजीव सोनी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रप्रभा शर्मा, पर्यवेक्षक, महिला अधिकारिता विभाग किरण जोशी व शिक्षा विभाग से विक्रम सिंह शामिल हुए। उमा मित्तल ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए बीटीएफ के सदस्यों को बाल विवाह के प्रति जन जागरूकता के प्रयास करने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं के कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबन्धित SHE box पोर्टल के संबन्ध में जानकारी देने, किशोरियों को स्वास्थ्य जागरूकता के लिए समय समय पर कार्यक्रम आयोजित करने के प्रयास करने की बात कही। महिला अधिकारिता विभाग सुश्री किरण जोशी पर्यवेक्षक ने टास्क फोर्स सदस्यों को डॉ. अनुराधा सक्सेना व जिला प्रशासन द्वारा नवाचार के रूप में प्रसारित सामग्री के बारे में जानकारी दी। इस दौरान फाइल फोल्डर, वार्षिक कैलेंडर व नोटबुक के किट वितरित किए गए।




