






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जून 2025। लगातार एक सप्ताह से अंचल में भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों ने आम जन जीवन को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को गर्म लू के साथ आसमान से जैसे आग बरस रही है। अगले दो दिन शनिवार व रविवार को गर्मी का पारा 45 डिग्री पार रहने के आशंका है। बीकानेर व चूरू सहित वनस्थली, अलवर, जयपुर, पिलानी, जैसलमेर, दौसा, फलोदी सहित कई शहरों में भीषण लू का व्यापक असर नजर आ रहा है। इन शहरों में लगातार गत चार से पांच दिन में तापमान 45 डिग्री के पार ही रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पाकिस्तान में बने एंटी साइक्लोन के कारण राजस्थान में गर्मी बढ़ गई है।वहीं विभाग ने 15 जून के बाद मौसम बदलने की संभावना जताई है। श्रीडूंगरगढ़ शहर व ग्रामीण अंचल लू व भीषण गर्मी की चपेट में है। अंचल में पारा लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि ग्रामीण अंचल में पारा 48 डिग्री से ऊपर है। अगले दो दिन बीकानेर संभाग के पूरे क्षेत्र में गर्मी व लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में बच्चों व बुजुर्गों को घर में रहने की सलाह के साथ बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने का सुझाव दिया जा रहा है।







