






1- रवि मेघवाल ने आधा दर्जन गांवो का दौरा किया, सुनी समस्याएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल ने बीकानेर संसदीय क्षेत्र के गांव इंदपालसर गुसाईंसर, इंदपालसर बड़ा, धर्मास, नोसरिया मिंगसरिया, धनेरू व बरजांगसर का दौरा किया। गांव मिंगसरिया में सक्रिय कार्यकर्ता प्रतापसिंह मिंगसरिया की अगुवाई में स्वागत सम्मान किया। प्रतापसिंह ने गांव की समस्याओं के बारे में जानकारी दी जिसमें पर रवि मेघवाल ने सकारात्मक आश्वासन दिया। दौरे के दौरान धनेरू सरपंच मोहन स्वामी, गुसाईंसर रेवंतसिंह, धर्मास के भागीरथ सिंह, भंवरसिंह मिंगसरिया सहित अनेक कार्यकर्ता साथ रहें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें।

2- कोर्ट परिसर में जागरूकता शिविर में दी जानकारियां, किया पौधारोपण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार को कोर्ट परिसर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एडवोकेट साजिद खान व तालुका सचिव जगदीश चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण, जागृति स्कीम 2025, नालसा अधिनियम के तहत आवाज उठाओ पुस्तक, लैंगिक न्याय व नारी सशक्तिकरण विषयों पर जारी पुस्तकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं अनुसूचित जाति व जनजातियों के विरूद्ध अस्पृश्यता और अत्याचार के अपराधों पर लगाम लगाने के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में एक दर्जन से अधिक लोग लाभान्वित हुए। यहां कोर्ट परिसर में ही पौधारोपण भी किया गया।

3- सुरजनसर की गोगामेड़ी में 21 अगस्त को होगा भव्य जागरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव सुरजनसर की गोगामेड़ी पर 21 अगस्त को भव्य जागरण का आयोजन होगा। जिसमें मोकलसर श्रीगंगानगर के प्रसिद्ध डेरु वाद्य पर बजरंगलाल शर्मा की पार्टी द्वारा पारंपरिक प्रस्तुति दी जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि ये दूसरा भव्य जागरण होगा जिसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है।
4- एकादशी पर गौशाला में लगाया गौवंश को भंडारे का भोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटासर की श्रीकरणी गौशाला में श्रीडूंगरगढ़ निवासी व गुवाहाटी प्रवासी गणेशमल राठी, सिलीगुड़ी प्रवासी ओमप्रकाश राठी गौशाला का अवलोकन किया। इस दौरान इनके परिवार के ही रामावतार राठी, कांता देवी राठी, विजयलक्ष्मी तोसनीवाल अहमदाबाद परिवार सहित दिव्या सारस्वत गौशाला पहुंचे और सामूहिक भंडारा राशि का सहयोग दिया। समिति ने दानदाताओं का सम्मान किया। वहीं मंगलवार को सूरत प्रवासी मनीष कुमार जोशी ने अपने जन्मदिन पर गौसेवा में मूंग चूरी का भंडारा भोग लगाने की राशि का समर्पण दिया। समिति ने शुभकामनाएं देते हुए आभार जताया।




