May 21, 2026
छा गया गांव में मातम, नहीं जले चूल्हे, 5 बच्चे 10 वर्ष से कम आयु, जीवन को अलविदा कहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मार्च 2021। पड़ोस में स्थित नापासर के गांव हिम्मतासर में आज घरों में चूल्हे नहीं जले और पूरे गांव में मातम छा गया। गांव में एक साथ 5 बच्चों के शव देखकर दिल दहल गए और जिसने भी सुना उन माताओं ने नियति को कोसते हुए अपने बच्चों को सीने से लगा लिया। ये खबर हमारे आस पास की है परन्तु ये दर्द हम सबका साझा है। ये बच्चों का गम हमें एक चेतावनी भी दे रहा है कि अपने घरों में हम बच्चों का ख्याल रखें जिससे किसी माँ की गोद ऐसे सुनी ना हो। जहां तक ये सूचना पहुंची है लोग संवेदनाएं प्रकट कर रहें है। हिम्मतासर कि भीयाराम के परिवार ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि रोजाना की तरह आज खेत से लौटने पर उनके घर के चिराग बुझ जाएंगे। भीयाराम का परिवार खेत गया हुआ था और भीयाराम के चार बेटा बेटी घर पर थे। एक उनके साथ पड़ोस की भांजी खेल रही थी। भीयाराम का 4 वर्षीय बेटा सेवाराम, तीन बेटियां 8 वर्षीय पूनम, 7 वर्षीय रवीना, 5 वर्षीय राधा, के साथ भीयाराम की भांजी माली पुत्री मघाराम घर पर खेल रहे थे। बच्चे अनाज की कुंड में खेलने के लिए घुस गए और कुंड का ढक्कन बंद हो गया। दम घुटने से कुंड पांचों बच्चों की कब्र बन गई। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी एंगल से मौतों की जांच कर रही है। घर मे कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घर के बाहर एकत्र हो गए। हर कोई आंसुओं को पोंछते हुए परिवार को सांत्वना दे रहे है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घर के बाहर एकत्र ग्रामीण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस मौके पर पहुंची। (ये फोटो सभी को चेताने के लिए है की बच्चों का ध्यान रखें)
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस से लेकर अस्पताल तक हर किसी की आंखे नम हो गई। कार्रवाई की जा रही है।