






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 जनवरी 2022। आस पास की खास खबर में खबर हमारे पड़ौसी उपखंड लूणकरणसर से आई है। यहां बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय में बाबू रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि एसीबी की ओर से की गई इस कार्यवाही में विद्युत् निगम के सहायक अभियंता कार्यालय में वाणिज्यिक सहायक प्रथम मुबारक अली को एक हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रेप किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरलीधर का खेत गांव किसनासर में है। मुरलीधर ने कृषि कनेक्शन के लिए विभाग में आवेदन किया था और इसी कनेक्शन के लिए ट्रांसफार्मर व डीओ नहीं दिया जा रहा है। आवेदक को 6-7 माह से चक्कर कटवाए जा रहे थे व इस बीच आरोपी मुबारक अली पुत्र आमीन ने अलग अलग मदों में 10 हजार रूपए व पांच किलो घी भी बतौर रिश्वत ले लिया। इसके बावजूद भी काम नहीं कर रहा था। एसीबी सब इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा के अनुसार थक-हारकर मुरलीधर एसीबी के पास पहुंच गया। एसीबी ने 4 फरवरी को सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी मुबारक ने एक हजार रूपए बतौर रिश्वत मांगे। एसीबी एएसपी रजनीश पूनिया के निर्देशन में जाल बिछाया गया और आज जैसे ही आरोपी ने एक हजार रूपए की रिश्वत राशि हाथ में ली, एसीबी की टीम ने उसे धर दबोच लिया।



