






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 मार्च 2022। कस्बे के संस्थागत रूप से चल रहें शिक्षण संस्थान श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में विश्वविद्यालय के नियमों के विरुद्ध एवं अन्य निजी महाविद्यालयों से कहीं अधिक फीस वसूल करने के आरोप के साथ फीस कम करने की मांग पर आंदोलनरत एसएफआई के विद्यार्थियों ने मंगलवार को महाविद्यालय के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान स्टाफ भी बाहर खड़ा रहा एवं करीब दो घंटे तक स्टाफ एवं छात्रों के बीच गहमागहमी चली। बाद में विद्यार्थियों ने नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय से लेकर उपखण्ड अधिकारी कार्यालय तक रैली निकाली। यहां पर विद्यार्थियों ने एसडीएम दिव्या चौधरी को ज्ञापन दिया एवं हस्तक्षेप करने की मांग की। इस पर एसडीएम ने सात दिनों में कालेज प्रशासन से वार्ता कर फीस में रियायत करवाने का आश्वासन दिया। आंदोलनकारी एसएफआई के तहसील सचिव गौरव टाडा ने बताया कि कालेज प्रशासन आंदोलनकारी छात्राओं को फेल करने एवं प्रवेश रद्द करने की धमकियां दे रहा है। इस दौरान कैलाश मेघवाल, अजितसिंह राजपुरोहित, बजरंग, संजय नैण, प्रीति, पायल, पूजा, आसिफ, श्यामसुंदर, विवेक, विनायक, लक्की, पिंटू, रामसिंह, मनीष पूनियां, सालिम, विशाल, विनोद, बाबुलाल, भरत, अंकित, पवन स्वामी, पवन सारस्वत, राधेश्याम सुथार, प्रवीण माली आदि सक्रिय रहे।






