






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 सितंबर 2022। दहेज के लालच में उजड़ते घरों के किस्से लगातार बढ़ रहे है। दहेज दानव ने एक ओर घर तोड़ दिया तथा विवाह का बंधन 6 महीने भी नहीं टिक पाया। पीड़िता ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया है और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कालूबास निवासी पूजा पुत्री ओमप्रकाश सोनी ने अपने पति भवानीशंकर पुत्र रामकिशन सोनी निवासी जैन कन्या कॉलेज के पास बीदासर बारी, बीकानेर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह आरोपी के साथ 5 फरवरी 2022 को हुआ और ससुराल जाते ही कम दहेज देकर नाक कटवाने के ताने ससुराल वाले देने लगे। आरोपी नगद पांच लाख की मांग को लेकर भूखा रखते तथा पति नशे में मारपीट करता। जुलाई में ससुराल वालों ने मारपीट करते हुए धक्के देकर घर से निकाल दिया। सामाजिक पंचायती के बाद भी मामला नहीं सुलझा तो पार्थिया थाने पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



