






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 मई 2025। भारी पुलिस जाप्ते के साथ प्रशासन ने गांव बिग्गा पहुंचकर एक खेत की पत्थरगढ़ी करवाई है। जेठाराम हरदास जाखड़ की 136/2023 परिवाद पर 2 मई 2024 को उपखंड मजिस्ट्रेड द्वारा दिए गए निर्णय की पालना में बुधवार को प्रशासन ने खेत की पत्थर गढ़ी करवाई है। तहसीलदार कुलदीप मीणा ने बताया कि पैतृक भूमि को लेकर विवाद में कोर्ट के आदेश की पालना में खसरा नबंर 1763/780 की पत्थर गढ़ी करवाई गई है। विदित रहें इससे पूर्व भी प्रशासन ने यहां पत्थरगढ़ी करवाने का प्रयास किया था, परंतु कानून व्यवस्था बिगड़ने के माहौल में कार्रवाई रोक कर प्रशासन को लौटना पड़ा था। इस बार प्रशासन ने जिला एसपी से पर्याप्त जाप्ते की मांग की जिसपर बुधवार को पुलिस लाइन से एक बस में पुलिस जाप्ता श्रीडूंगरगढ़ पहुंचा। बड़ी संख्या में पुलिस कार्मिकों के बीच जेठाराम के भाई रूपाराम के पुत्र ताराचंद व रामदयाल की जमाबंदी भूमि 3.80 हैक्टेयर पूरी करते हुए जेठाराम के खेत की पत्थर गढ़ी कर दी गई है। मौके पर गिरदावर शंकरलाल जाखड़, पटवारी बिग्गा राकेश कुमार, हल्का पटवारी लिखमीसर उत्तरादा ओमप्रकाश सहित अनेक कार्मिक व पुलिस दल तैनात रहा। वहीं जाप्ते को देखकर गांव भर में कार्रवाई की चर्चा रही और अनेक ग्रामीण मौके पर भी पहुंचे।






