






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अगस्त 2020। जिला कलेक्टर द्वारा रात्रि आठ बजे से सुबह छह बजे तक के कर्फ्यू आदेशों की पालना के लिए पूर्व उपखण्ड अधिकारी द्वारा मौखिक रूप से कस्बे के बाजार छह बजे बंद करने एवं आठ बजे तक घरों में चले जाने की अपील की गई थी। इसके बाद कस्बे के बाजार छह बजे बंद होने लगे थे लेकिन उपखण्ड अधिकारी का स्थानांतरण होने के बाद से कस्बे के बाजार में दुकानें खुली रखने के समय पर असमंजस की स्तिथि हो गई एवं कस्बे के बाजार की कई दुकानें देर रात तक खुलने लगी थी। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ उपखण्ड अधिकारी दिव्या चौधरी से स्थिति
स्पष्ट करने का आग्रह किया तो चौधरी ने प्रेस नोट जारी करते हुए कस्बे के व्यापारिक संगठनों को भी सूचित करते हुए रात्रि आठ बजे बाद के कर्फ्यू की पालना सुनिश्चित करने को कहा है। चौधरी ने बताया कि रात आठ बजे से पहले सभी व्यापारिक संस्थान बंद होकर लोगों द्वारा अपने अपने घरों में जाना सुनिश्चित करना होगा। आठ बजे बाद व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा एवं आदेशों की पालना में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। चौधरी ने राज्य सरकार की गाईडलाईन का कठोरता से पालना करवाने के निर्देश दिए है।



