May 21, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जून 2025। राज्य सरकार द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत 24 जून से 9 जुलाई तक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविरों के आयोजन होंगे। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने आदेश जारी कर अधिकारियों को शिविरों का निरीक्षण करने के आदेश दिए है। शिविरों में राजस्व मंडल द्वारा तलब अभिलेखों पत्रावलियों को प्रेषित करना, लंबित नोटिस की तामिल करवाना, लंबित पत्थरगढ़ी और सीमाज्ञान प्रकरणों का निस्तारण करना, लंबित कुर्रेजात रिपोर्ट तैयार करना, लंबित नामान्तरकरणों का निस्तारण करना, रास्तों के प्रकरणों का निस्तारण, आपसी सहमति से बंटवारे करना, बजट घोषणाओं के लंबित भूमि आवंटन के प्रस्ताव तैयार करना, अप्रयुक्त विभागीय भवनों, भूमि का उपयोग एवं आवंटन करना, अटल ज्ञान केंद्र के लिए जगह भवन चिन्हित करना आदि कार्य किए जाएंगे। इसी के साथ राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, ऊर्जा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, खाद्य विभाग, चिकित्सा एंव स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वायत्त शासन विभाग (शहरी क्षेत्रों में), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी शिविर में शामिल होंगे तथा मौके पर ही कार्यों का निस्तारण किया जाएगा। किसानों के लिए शिविर में विशेष रूप से मिट्टी की नि:शुल्क जांच होगी, जिसमें किसान अपने सैंपल लेकर आवें और वे मिट्टी जांच करवा सकेंगे।
श्रीडूंगरगढ़ में ग्राम पंचायतवार होंगे शिविर आयोजित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 24 जून से प्रारंभ हुई इस योजना के तहत आज मंगलवार को पहले दिन क्षेत्र में कीतासर भाटियान, कीतासर बीदावतान व बिग्गाबास रामसरा में शिविरों का आयोजन होगा। वहीं 25 जून को गांव आड़सर, मेामासर व तोलियासर में शिविरों का आयोजन होगा। 26 जून को धीरदेसर चोटियान, लिखमादेसर, कुंतासर में शिविर होंगे। 27 जून को रिड़ी, बाना, पुदंलसर व धर्मास में, 28 जून को ऊपनी, कल्याणसर नाया, कल्याणसर व जाखासर में, 30 जून को बापेऊ, राजेडू, लिखमीसर उत्तरादा, लिखमीसर दिखणादा में शिविर होंगे। 1 जुलाई को सोनियासर शिवदानसिंह, सोनियासर मीठिया, बरजांगसर व कुनपालसर में, 2 जुलाई को धनेरू, इंदपालसर सांखलान, इंदपालसर गुसाईंसर में, 3 जुलाई को जेतासर, मिंगसरिया, जैसलसर व बिग्गा में, 4 जुलाई को सांवतसर, दुलचासर, देराजसर व टेऊ में, 5 जुलाई को सूडसर, सेरूणा, जोधासर व पूनरासर में, 7 जुलाई को बेनीसर, समंदसर, लखासर व दुसारणा पण्डरिकजी में, तथा 8 जुलाई को गुसाईंसर बड़ा, बींझासर, डेलवां व उदरासर में शिविरों का आयोजन होगा। वहीं 9 जुलाई को ठुकरियासर, सत्तासर, जालबसर व सुरजनसर में शिविरों का आयोजन होगा। इस बीच दो दिन 29 जून व 6 जुलाई को अंचल में कहीं शिविर नहीं होंगे व शेष लगातार शिविर आयोजित होंगे।