






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अक्टूबर 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी खबर है कि आज कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बहुप्रतीक्षित ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कर दिया है। हालांकि सांसद अर्जुनराम मेघवाल की पहल से सोमाणी फाउंडेशन द्वारा निर्मित ये प्लांट गहलोत द्वारा उद्घाटन किए जाने पर चर्चा का विषय बन गया है। परन्तु बता देवें लंबे समय से नागरिक इसकी प्रतीक्षा कर रहें थे और नागरिकों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी नहीं रहेगी व ऑक्सीजन सिलेण्डर भरवाने के लिए सेवा संस्थाओं को इधर उधर भटकना नहीं होगा। सोमाणी फाउंडेशन द्वारा निर्मित इस ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट के वर्चुअल लोकार्पण में विधायक गिरधारीलाल महिया भी सीएम से जुड़े और महिया ने क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री गहलोत व सोमानी फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। विधायक महिया ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती ऑक्सीजन की मांग अब इस प्लांट से पूरी हो सकेगी और क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिल सकेगी। महिया ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर सोमाणी फाउण्डेशन का ये अति प्रशंसनीय कार्य है जिसके लिए क्षेत्रवासी आभारी रहेंगे। इस वर्चुअल लोकार्पण में चिकित्सा मंत्री रघू शर्मा, राज्य मंत्री सुभाष गर्ग भी जुड़े व लोकार्पण पटि्टका पर इन सभी के साथ बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल का नाम भी अंकित किया गया है।





