






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अप्रैल 2024। शनिवार को क्षेत्र में बिगड़ा हुआ मौसम किसानों का दुश्मन बना हुआ है। शनिवार को पहले जहां गांव तोलियासर में किसान के खेत में चने की ढ़ेरी पर गिरी बिजली ने करीब 15 क्विंटल चना जल कर खाख हो गया वहीं दिन में करीब तीन बजे गांव पूनरासर में गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन भैंसों की अकाल मौत हो गई। जिससे किसान को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पूनरासर के ग्रामीण शीतनाथ सिद्ध ने बताया कि गांव की दिखणादी रोही में स्थित भगवाननाथ सिद्ध तर्ड की ढ़ाणी में भैंसों को घुमने के लिए खुला छोड़ा हुआ था। मौसम खराब हुआ तो भैंसें एक खेजड़ी के पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। तभी तेज धमाके के साथ खेजड़ी के पेड़ पर बिजली गिरी और बिजली की चपेट में आने से तीनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने आकाशीय विपदा के कारण पशुपालक किसान को हुए नुकसान का मुआवजा दिए जाने की मांग प्रशासन से की है।




