May 20, 2026
6f47c4a2ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अक्टूबर 2020। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में एक नामी होटल संचालक के हौंसले इस कदर बढ़ गए कि उसने अपने होटल को ही शराब की अवैध बार बना ली और विभिन्न ब्रांड की शराब होटल में सरेआम परोसने लगा। सामान्यतः देखा जाता है कि होटलों पर होटल संचालक अपने ग्राहकों को चोरी छिपे परोसने के लिए एक-दो ब्रांड की कम कम मात्रा में ठेके से शराब लेकर आते हैं लेकिन इस होटल में तो ग्राहकों की मनमुताबिक ब्रांड का भारी स्टॉक किया हुआ मिला है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी प्रशिक्षु आरपीएस जरनैल सिंह ने बताया कि सरदारशहर रोड पर स्थित तंवर होटल का संचालन श्रीडूंगरगढ़ कस्बे का निवासी नवीन पुत्र छोटू कलाल करता है और इस होटल में लंबे समय से अवैध रूप से मीट-रोटी के साथ शराब परोसने की शिकायत मिल रही थी। गुरुवार रात को मुखबीर द्वारा पुख्ता सूचना मिलने के बाद होटल पर दबिश दी गयी तो वहां से 2 अलग अलग जगहों पर रखी भारी मात्रा में अंग्रेजी, देशी शराब और बियर बरामद की गई। होटल से अंग्रेजी शराब में इम्पीरियल ब्लू के 72, ब्लेंडर प्राइड के 23, मैकडोवल्स नम्बर 1 के 47 रॉयल स्टैग के 35 पव्वे, देशी शराब में ढोला मारु के 48, लॉयन के 34 ओर ऑरेंज हिल के 27 पव्वे, बियर में किंगफिशर स्ट्रांग की 84, कासबर्ग की 24, टबोर्ग की 69 बोतलें ओर 43 केन किंगफिशर स्ट्रांग के मिले हैं। इस पर होटल संचालक नवीन खान कलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ये रहे टीम में शामिल, होटल में शराब का जखीरा देख कर पुलिस भी हैरान।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अक्टूबर 2020। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी के रूप में व्यवहारिक प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षु आरपीएस जरनैल सिंह की अगुवाई में श्रीडूंगरगढ़ पुलिस लगातार एक्शन में है और लगभग हर रोज अवैध धंधों पर कार्यवाही कर रही है। गुरुवार रात तंवर होटल पर की गई कारवाही में जरनैल सिंह के साथ कांस्टेबल कमलेश, सुमेरसिंह, तेजपाल ओर ड्राइवर रामनिवास शामिल रहे। क्षेत्र के होटलों पर खाने के साथ शराब तो परोसी जाना तो आम सी बात है लेकिन तंवर होटल में मीट-रोटी परोसने के नाम पर अवैध बार का ही संचालन होता मिला है। होटल में देशी, अंग्रेजी शराब और बियर का जखीरा देख कर पुलिस भी हैरान रह गयी है।