May 21, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के भाजपा बोर्ड में भाजपा ही परेशान हो गयी है और भाजपा ही भ्रष्टाचार के आरोप के साथ चोरी रोकने की मांग कर रही है वहीं कांग्रेस के सभी पार्षद पालिका के विरोध में प्रदर्शन की रणनीति पर चर्चा कर रहें है। पालिका अध्यक्ष मीडिया को सबकुछ ठीक होने व करने के प्रयासों के बयान देते रहते है परंतु उनकी कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न उनकी ही पार्टी के पार्षद व पालिका उपाध्यक्ष ने खड़े किए है। पालिका उपाध्याक्ष बंशीधर सुथार ने कड़े शब्दों में कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार में तीसरे नम्बर पर श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका पहले नम्बर पर आने का रिकॉर्ड दर्ज करवाएगी। सुथार ने ईओ को पत्र देते हुए शहर में सफाई व्यवस्था में हो रहें फर्जीवाड़े को रोकने की मांग की है। सुथार ने आरोप लगाया कि कस्बे में कचरा नहीं उठ रहा पर उसका भुगतान उठ रहा है, पालिका के 10 ऑटो टीपर पर चल रहें है और भुगतान 25 का उठाया जा रहा है, वहीं चैम्बर सफाई में बड़ा घपला किया जा रहा है। सुथार ने कहा कि कच्ची लेबर के नाम पर फर्जी भुगतान, जेसीबी कार्यों के नाम पर फर्जी भुगतान, अलग से ट्रेक्टर, अग्निशमन गाड़ी के ड्राइवर, जनरेटर किराए के नाम पर, चेम्बर सफाई कार्य की मशीन के नाम पर सरे आम भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में चोरी रोकने के लिए कदम सख्त कदम उठाने की मांग की। इस दौरान पार्षद अरूण पारीक, जगदीश गुर्जर, परसराम राजपुरोहित उपस्थित रहें।

कांग्रेस के पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष व जनता के साथ दिखाया आईना।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने कड़े शब्दों में पालिका को खरी खरी सुनाई है। पारख ने कांग्रेसी सदस्यों व आम जनता के साथ पालिका पहुंच कर अधिशाषी अधिकारी को स्मरण पत्र दिया। पारख ने कहा कि बार बार मांग के बावजूद कस्बे की सफाई बद से बदतर हालातों में है। जनता की आवाज से पालिका के कानों में जूं तक नहीं रेंगती। पार्षद हीरालाल जाट ने वार्ड 11 में रेलवे स्टेशन होने और नागरिकों सहित यात्रियों को परेशानी होने की बात कही व वार्ड में सफाई कर्मचारी नहीं आने व कचरा संग्रहण टैक्सी नहीं आने पर रोष जताया। मनोनीत पार्षद मुन्शी ने वार्ड 9 में सफाई कर्मी नहीं आने व कचरा संग्रहण टैक्सी नहीं आने पर रोष जताते हुए कहा कि सभी वार्डवासी बुरी तरह से परेशान है। पार्षद रमजाना कुरैशी न वार्ड 12 में सफाई की मांग करते हुए कहा कि वार्डवासियों में कचरा संग्रहण वाहन नहीं आने से पालिका का कड़ा विरोध हो रहा है। वार्ड 10 के पार्षद दिलशाद ने अपने वार्ड में तुरंत सफाई करवाने की मांग की। वार्ड 7 से रेणुदेवी वाल्मीकि ने पारख से वार्ड की सफाई नहीं होने की शिकायत करते हुए तुरंत सफाई दुरस्त करवाने की मांग है। वार्ड 5 व 6 में महीनों से सफाई नहीं होने की शिकायत वार्ड की प्रीति मालू, शिल्पा, सीमा सैनी, हरीश सैनी, महेश सैनी, ज्योति मालू, हरीश जैन, दीनदयाल, नागराज जैन, कन्हैयालाल, इंद्रचंद कोठारी, मुश्ताक लखारा, सौरभ दुगड़, नरेन्द्र सेठिया, माधोसिंह राजपूत, रामदेव भंसाली, शिवरतन नाई, निर्मल भाटी ने की है। वार्ड 13 के युवा अनिल प्रजापत ने बताया कि वार्ड में गाड़ी नहीं आने के कारण बुरी तरह से आमजन परेशान है। इन नागरिकों ने कहा कि सफाई व्यवस्था बुरी तरह से फटे हाल वार्ड हो गई है और पालिका की कुम्भकर्णी नींद नहीं खुल रही है।