






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अप्रैल 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में चुनावों को लेकर सरगर्मियां लगातार तेजी से बढ़ रही है और रविवार को राजस्थान सरकार के चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह श्रीडूंगरगढ़ पहुंचें व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में भाजपा द्वारा अपने पक्ष के मतों की अधिकतम पोलिंग के लिए पहले मतदान बाद में ही जलपान अभियान चलाने का निर्णय लिया गया एवं कार्यकर्ताओं को सुबह से ही अपने अपने क्षेत्र के मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक पहुंचने के लिए प्रेरित करने, उनसे सम्पर्क करने को कहा। भाजपा कार्यालय में हुई विधानसभा स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति की इस बैठक में विधायक ताराचंद सारस्वत, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जालमसिंह भाटी, पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत, पार्टी विस्तारक आदि कोर कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में लोकसभा प्रभारी व कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने अभी तक की गई तैयारियों एवं कार्यों का फीडबैक लिया एवं आगामी रणनीति पर चर्चा की। विधायक सारस्वत ने कार्यकर्ताओं को बूथ मजबूत पार्टी मजबूत का नारा दिया एवं मतदान के दिन बूथों पर सक्रिय रहने को कहा।





