






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2023। आज कांग्रेसी नेता केसराराम गोदारा की अगुवाई में गांव डेलवां, राजेडू, लोढेरा, बिंझासर, जैसलसर, सातलेरा से ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल बीकानेर पहुंचा व बिजली विभाग के मुख्य अभियंता भूपेंद्र भारद्वाज का घेराव किया। अधिकारियों से श्रीडूंगरगढ़ अंचल के गांवो की विभिन्न समस्याओं पर लंबी चर्चा हुई जिसमें कई समाधान पर सहमति बनी। गोदारा ने बताया कि भारद्वाज ने गांव डेलवां के नागा बाबा फीडर की 4 किलोमीटर लाइन का कार्य बुधवार से प्रारंभ करवाने, बिंझासर की 33 केवी स्वीकृत लाइन का कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाने, राजेडू की वोल्टेज संबंधी समस्या के समाधान के लिए 132 ऊपनी व 220 श्रीडूंगरगढ़ को पर्याप्त वोल्टेज के लिए पाबंद करने, जैसलसर के लिए 3.15एमवी पॉवर का ट्रांसफार्मर स्वीकृति शुक्रवार तक देने, नोसरिया के 33 केवी जीएसएस के लिए नई लाइन के लिए सामान देने की स्वीकृति दी है। इन समस्याओं के समाधान के बाद ग्रामीण यहां से रवाना हुए। इस दौरान जैसलसर सरपंच प्रतिनिधि भीखाराम जाखड़, डेलवां सरपंच प्रतिनिधि डालूराम मेघवाल, राजेडु सरपंच श्रीराम गरूवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें। सभी उपस्थित ग्रामीणों ने गोदारा का आभार जताया।




