






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 दिसंबर 2025। बीकानेर रेल मंडल के 31 स्टेशनों पर करीब 49 करोड़ की लागत से प्लेटफॉर्म विस्तार, नीचे के प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने और शेल्टर लगाने के कार्य किए जाएंगे।
रेल विभाग से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म का विस्तार, प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने तथा प्लेटफॉर्म पर नए शेल्टर लगाने या शेल्टर के विस्तार का कार्य किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने, उतरने तथा ट्रेन की प्रतीक्षा करते समय सुविधा मिलेगी। बता देवें श्रीडूंगरगढ़ में यात्रीगण लंबे समय से यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रहें है, जिनमें प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने की मांग सर्वप्रमुख रही। ये कार्य स्टेशन पर शुरू हो गया है व प्रगति पर है। यहां दिव्यांग, बुजुर्गों, नि:शक्तजनों, महिलाओं व बच्चों को ट्रेन में चढ़ने उतरने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेल संघर्ष समिति के अध्यक्ष तोलाराम मारू व समिति मंत्री भाजपा नेता विनोदगिरी गुसाई ने बताया कि लगातार श्रीडूंगरगढ़ में यात्रियों के हितों की अनदेखी की गई है। यहां रेल विभाग की इनकम को देखते हुए जो सुविधाएं मिलनी चाहिए वे नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि समिति इसके लिए लगातार प्रयासरत है। प्लेटफार्म की ऊंचाई पूरी होने से यात्रियों को कम से कम ट्रेन में चढ़ने उतरने में राहत मिल सकेगी। तोलाराम मारू ने बताया कि रेल अधिकारियों से मुलाकात कर प्लेटफार्म पर डिस्पले लगाने, फर्स्ट क्लास विश्राम गृह बनाने की मांग की गई है, जो जरूरी है, इसके साथ ही 9 सूत्रीय मांगपत्र डीआरएम को सौंपा गया है। जिसमें बीकानेर जयपुर ट्रेन चलाए जाने, श्रीडूंगरगढ़ से रीड़ी बाना बीदासर सुजानगढ सालासर खाटू श्यामजी होते हुए जयपुर तक रेल पटरियां बिछाने, बीकानेर से दिल्ली एक इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग भी रखी गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बीकानेर ने बताया कि मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधा हेतु लंबी दूरी की गाड़ियों में डिब्बों की निरंतर बढ़ोतरी को देखते हुए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई जा रही है, ताकि यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में सुविधा हो सके। छोटे-बड़े सभी स्टेशनों पर रेल लेवल और मीडियम लेवल प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाकर उसे हाई लेवल किया जारी है। साथ ही स्टेशनों के प्लेटफॉर्मों पर नए शेल्टर लगाने अथवा शेल्टर के विस्तार का कार्य भी किया जा रहा है।
इन 31 स्टेशनों पर हो रहा है कार्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर मंडल पर NSG 4 स्टेशनों रतनगढ़, सादुलपुर व सिरसा, इन तीन स्टेशनों के प्लेटफार्मों पर शेल्टर लगाए जाएंगे। बीकानेर मंडल के एनएसजी 5 स्टेशनों गोगामेडी, मंडी डबवाली, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, हनुमानगढ़ टाउन, कोसली, भट्टू, अनूपगढ़, हाँसी, कालांवाली, रायसिंहनगर, ऐलनाबाद, गजसिंहपुर, जैतसर, महाजन, नापासर, राजलदेसर, सतनाली, तहसील भादरा, केसरी सिंहपुर, लूणकरणसर, महाजन, नोहर, रामां, सादुलशहर, संगरिया, सतनाली मंडी, श्रीडूंगरगढ़, श्रीकरनपुर सहित 31 स्टेशनों पर 49 करोड़ रुपए की लागत से प्लेटफार्म शेल्टर के विस्तार के कार्य किए जा रहें है।



