






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2021। जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में आज बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ के मोमासर गांव की छात्राओं ने दबदबा बनाते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ईचरज देवी पटावरी राबाउमावि की अंडर-17 हॉकी टीम ने आज शाम बीकानेर के सार्दुल स्पोर्टस स्कूल के मैदान में राबाउमावि दावा को कड़ी टक्कर में 1-0 से शिकस्त दी है। पूरी टीम ने कप्तान कृष्णा प्रजापत के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया। टीम के साथ हौसला अफजाई कर रही पीटीआई संतोष शेखावत व दल प्रभारी जयश्री सुधा ने बताया कि फाइनल मैच कल सुबह 8 केवाईडी खाजूवाला की टीम के साथ खेला जाएगा। छात्रा टीम के प्रदर्शन व फाइनल में आने की सूचना से मोमासर गांव के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। सरपंच सरिता देवी संचेती ने विजेता बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करने की बात कही है। संचेती ने बताया कि वे गांव में लगातार बालिकाओं को खेल के प्रेरित कर रही है व गांव में ग्रामीण ओलंपिक के लिए भी जोर शोर से तैयारियां की जा रही है। संचेती ने बताया कि गांव में सत्तासर रोड पर खेल मैदान का निर्माण शीघ्र पूरा हो जाएगा व मोमासर में छात्र व छात्राओं की क्रिकेट टीम, हॉकी टीम, कबड्डी की टीमें तैयार की जा रही है। उपसरपंच जुगराज संचेती, मनोज संचेती, पवन सैनी, मुकेश नाई, तेजपाल सारण, मनफुल गोदारा, जगदीश बैरा, आसुराम नैण, शंकर गोदारा ने बालिकाओं को शुभकामनाएं देकर फाइनल में जमकर जंग लड़ने का हौसला दिया है।




