






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 जनवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में स्वर्णकारी जेवरातों का काम करने वाले एक ज्वैलर्स ने कस्बे के ही तीन जनों के खिलाफ सस्ती कारीगरी का सपना दिखा कर लाखों रुपए के मूल्य का 400 ग्राम सोना हड़प जाने का आरोप लगाते हुए श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी जितेन्द्र स्वामी ने बताया कि कालूबास निवासी मुकेश पुत्र भागीरथ सुनार ने कस्बे के ही मदनलाल सुनार एवं उसके पुत्र बाबूलाल व श्रवणकुमार के खिलाफ लिखित परिवाद से मामला दर्ज करवाया है। मुकेश ने पुलिस को बताया कि गत 1 दिसम्बर को आरोपी उसके पाए आए एवं मंदी चलने की बात कहते हुए मंदी में सोने से ज्वैलरी बनाने की लेबर कॉस्ट 120 रुपए प्रतिग्राम के बजाए 100 रुपए प्रतिग्राम लेने का झांसा दिया। बाद में आरोपी 3 दिसम्बर को दुबारा उसकी दुकान आए एवं मंदी में ही ज्वैलरी बनावने की बात कही। इस पर परिवादी उनकी बातों में आ गया एवं दुकान पर बैठे सुरेन्द्र पुत्र बजरंगलाल सुनार एवं बीरबल पुत्र फुसगर गुंसाई की मौजूदगी में आरोपियेां को शुद्ध 400 ग्राम सोना दे दिया। आरोपियों ने दस दिनों में उसे 22 कैरेट में जेवरात बना कर देने का वायदा भी किया। लेकिन आरोपियों ने तय समय पर गहने नहीं दिए, इस पर उसने तकादा किया तो पहले टाल मटोल करते हुए काम चलने व तीन-चार दिनों में दे देने की बात कही एवं बाद में साफ मुकर गए। आरोपियों ने सोने का दुबारा तकादा करने पर मामले में फंसा देने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच हैडकांस्टेबल देवाराम करेगें।
32 लाख का बाजार मूल्य, बनने थे यह गहने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज 400 ग्राम शुद्ध सोना ठगने के मामले में सोने का बाजार मूल्य 80 हजार प्रति 10 ग्राम माना जाए तो भी सोना 32 लाख से अधिक मूल्य का हो रहा है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने सोने के साथ इस सोने से 140 ग्राम वजन में 40 रखड़ी, 200 ग्राम वजन में फूल सेट, 60 ग्राम वजन में एक आड एवं 20 ग्राम वजन में 20 फुलडे 22 कैरेट में बना कर देने का आर्डर भी साथ में दिया था। शुद्ध सोने का वजन 400 ग्राम था एवं उससे 22 कैरेट में गहने बनाने पर कुल वजन 420 ग्राम होना था।



