






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 नवम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की सबसे बड़ी गौशाला श्रीगोपाल गौशाला में गोपाष्टमी पर्व अनूठे अंदाज से मनाया गया। गुरुवार को यहां गौपूजन का क्रम दिन भर जारी रहा लेकिन साथ ही गौशाला में 40 सालों से गौसेवा कर रहे वृद्ध कर्मचारी मठ्ठूलाल बिहारी का सम्मान भी किया गया। गौशाला मंत्री जगदीश स्वामी ने बताया कि मठ्ठूलाल गौशाला में बिना किसी अवकाश के 40 सालों से श्रमिक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे है एवं उनकी वृद्धावस्था को देखते हुए गौशाला अध्यक्ष जसराज मालू द्वारा उन्हें 1 लाख रुपए का पारितोषिक सम्मान दिया गया है। इस मौके पर वर्ष के उत्तम गौसेवक के रूप में गौशाला के तुलछानाथ सिद्ध को 11000 रुपए का नगद पुरस्कार भी दिया गया। गोपाष्टमी पर्व पर गौशाला प्रांगण में गौवंश की दिपावली मनाई गई एवं लक्ष्मीनारायण झालरिया व गजानंद मूंधड़ा परिवार द्वारा गौशाला में 731 दीप जलाकर दीपमाला प्रज्ज्वलित की गई। गौशाला में हुई इस दीपसज्जा के कारण माहौल दिपावली जैसा हो गया। गौपाष्टमी पर्व पर संयुक्त मंत्री कमल किशोर सोमाणी, गौभक्त बालकिशन पांडिया, मदनलाल करनाणी, मोहित करनाणी, हर्ष सोमाणी आदि युवाओं ने कस्बे के बाजार में गौसेवार्थ सहयोग की अपील की एवं बाजार से 2,75,851 रुपए का दान एकत्र किया गया। गौशाला समिति ने गौशाला अध्यक्ष एवं इन कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
नवनिर्माण को मिलेगी गति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। करीब 70 वर्ष पूरानी क्षेत्र की गोपाल गौशाला का नवनिर्माण किया जा रहा है एवं गोपाष्टमी पर्व पर क्षेत्र के भामाशाहों ने नवनिर्माण को गति देने के लिए आगे आकर सहयोग दिया है। गौशाला उपाध्यक्ष एवं धनसंग्रह कमेटी के ताराचंद इंदौरिया ने बताया कि नवनिर्माण को गति देने के लिए गोपाष्टमी पर्व पर गुलाबचंद नंदकिशोर लखोटिया चैरिटेबल ट्रस्ट श्रीडूंगरगढ़ द्वारा छह लाख एक हजार एक सौ ग्यारह रुपए का चैक दिया गया है। इसी प्रकार गौशाला के कार्यसमिति सदस्य मुरली मनोहर तापडिया की प्रेरणा से कस्बे के निवासी व ठाणे प्रवासी आशाराम ओमप्रकाश सोमानी परिवार ने भी नव निर्माण के लिए छह लाख रुपए प्रदान किए है। विदित रहे कि गौशाला का नवनिर्माण होने के बाद गौशाला में सेवा लाभ ले रही हजारों गौवंश को खुली हवा नहीं होने, धूप की कमी, बरसात में कीचड़ व गंदगी आदि से निजात मिल पाएगी एवं गौशाला की गौसेवा क्षमता भी बढ़ सकेगी। समिति ने इनका आभार जताया।









